भारतीय रिजर्व बैंक ने घरेलू मनी ट्रांसफर यानी एक बैंक खाते से दूसरे खाते में पैसे भेजने के नियमों में बदलाव किया है. नए नियम 11 नवंबर 2026 से लागू हो गए हैं. इसके तहत अब बैंक शाखा में जाकर बिना पहले से ग्राहक बने भी कोई व्यक्ति 50,000 रुपए तक दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में भेज सकता है. इसके लिए बैंक की कैश पेइन सुविधा और NEFT का इस्तेमाल किया जा सकेगा. इसके अलावा बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट और एटीएम के जरिए भी पैसे ट्रांसफर करने की सुविधा मिलेगी. हालांकि, इन माध्यमों से पैसे भेजने की सीमा अलगअलग तय की गई है.

भारतीय रिजर्व बैंक ने घरेलू मनी ट्रांसफर से जुड़े पुराने निर्देशों को एक जगह लाने और नियमों को आसान बनाने के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए हैं. इसका मकसद उन लोगों को बैंकिंग सुविधा देना है, जिनके पास पहचान या पते से जुड़े जरूरी दस्तावेज नहीं हैं. खासतौर पर दूसरे शहरों में काम करने वाले मजदूरों और प्रवासी कामगारों को इससे फायदा मिल सकता है.
बैंक शाखा में जाकर भेज सकेंगे 50 हजार रुपए
RBI के नए नियमों के मुताबिक, कोई भी व्यक्ति बैंक शाखा में जाकर कैश पेइन सर्विस के जरिए एक बार में 50,000 रुपए तक दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में भेज सकता है. इसके लिए NEFT का इस्तेमाल किया जा सकेगा. यानी पैसे भेजने के लिए उस व्यक्ति का बैंक का नियमित ग्राहक होना जरूरी नहीं होगा.
बिना बैंक खाते वाले व्यक्ति को भी मिलेंगे पैसे
RBI ने उन लोगों के लिए भी नियम बनाए हैं, जिनके पास बैंक खाता नहीं है. इसके तहत बैंक अपने ग्राहकों के खाते से पैसे ट्रांसफर करके ऐसे लोगों को नकद रकम दे सकते हैं. यह सुविधा एटीएम, बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट या अन्य अधिकृत पेमेंट चैनल के जरिए मिल सकती है. इस सुविधा को कैश पेआउट सर्विस कहा जाता है. इसके तहत एक ट्रांजैक्शन में अधिकतम 10,000 रुपये नकद दिए जा सकते हैं. वहीं, एक व्यक्ति को महीनेभर में अधिकतम 25,000 रुपए मिल सकेंगे.
.webp)


