Noida Chhath Puja Security: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है. जिले के तीनों जोन में 17 छठ घाटों और 40 अन्य स्थानों पर 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. भीड़भाड़ वाले घाटों पर सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे. पीएसी और विशेष टीमें भी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगी. वहीं, नोएडा प्राधिकरण की ओर से छठ घाटों को तैयार करने का काम भी अंतिम चरण में है.

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में छठ पूजा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. पूजा के दौरान घाटों पर किसी तरह की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए खास योजना तैयार की गई है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिले के तीनों जोन में 17 छठ घाटों और 40 अन्य स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी. इसके लिए 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा.
ये भी पढे़ं
सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे महिला और पुरुष पुलिसकर्मी
छठ घाटों पर सामान्य पुलिस बल के अलावा सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे. ये पुलिसकर्मी भीड़ के बीच रहकर संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर नजर रखेंगे. इसके अलावा पीएसी और विशेष पुलिस टीमों को भी सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है. पुलिसकर्मी अलगअलग इलाकों में गश्त करेंगे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे.
घाटों पर नियमित पुलिस गश्त के साथ टीआरपी और पीसीआर वाहनों की भी तैनाती रहेगी. अधिकारियों को खुद घाटों का निरीक्षण करने और सुरक्षा इंतजामों में कमी मिलने पर तत्काल उसे दूर कराने के निर्देश दिए गए हैं. किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की टीमें तैयार रहेंगी.
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर
पुलिस ने छठ पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से भी सतर्क रहने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली अफवाहों पर भरोसा न करें. किसी भी संदेश को आगे भेजने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांच लें.
सेक्टर75 और सेक्टर22 में घाटों का काम पूरा
छठ महापर्व को लेकर नोएडा प्राधिकरण भी तैयारियों में जुटा है. शहर के अलगअलग सेक्टरों और पार्कों में छठ पूजा के लिए घाट तैयार किए जा रहे हैं. सेक्टर75 के सेंट्रल पार्क और सेक्टर22 में छठ घाट का पुनर्निर्माण पूरा हो चुका है. वहीं सेक्टर91 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में 5 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की क्षमता वाला बड़ा छठ घाट तैयार किया जा रहा है.
इसके अलावा सेक्टर2 और सेक्टर56 के पार्कों में भी पूजा की व्यवस्था की जा रही है. सेक्टर43 में गोदरेज के पास खाली भूखंड, सेक्टर45 में एनआरआई वाणिज्यिक भूखंड और सेक्टर47 के सी209 वाणिज्यिक भूखंड को भी पूजा के लिए चिन्हित किया गया है. इसके साथ ही सेक्टर62, 63, 71, 116, 120, 122 और 135 में भी छठ पूजा के लिए स्थान निर्धारित किए गए हैं. इन जगहों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं.
महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान
पुलिस और प्रशासन का मुख्य जोर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर रहेगा. खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. घाटों पर भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैनात रहेंगी. पुलिस ने लोगों से निर्धारित घाटों पर ही पूजा करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है.
.webp)


