Gorakhpur Zoo: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान में जल्द ही बब्बर शेर और भालुओं का कुनबा बढ़ने वाला है. इसके लिए चिड़ियाघर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण से जानवरों के आदानप्रदान की मंजूरी भी मिल चुकी है. इस प्रक्रिया के तहत गोरखपुर चिड़ियाघर में दूसरे चिड़ियाघरों से कुछ नए वन्यजीव लाए जाएंगे, जबकि यहां मौजूद कुछ जानवरों को दूसरे चिड़ियाघरों में भेजा जाएगा.

शेरनी गौरी को मिलेगा साथी, बढ़ेगी बब्बर शेरों की संख्या
गोरखपुर चिड़ियाघर में फिलहाल गौरी नाम की एक शेरनी मौजूद है. ऐसे में उसके लिए बब्बर शेर लाने की तैयारी की जा रही है. चिड़ियाघर प्रशासन का उद्देश्य शेरनी के साथ बब्बर शेर का जोड़ा बनाकर प्रजनन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है. इससे आने वाले समय में चिड़ियाघर में शेरों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी. इसके अलावा भालुओं की संख्या बढ़ाने के लिए भी दूसरे चिड़ियाघरों से भालू लाए जाएंगे.
लखनऊ से आएगा बारहसिंगा का जोड़ा
जानवरों के आदानप्रदान की इस प्रक्रिया में लखनऊ चिड़ियाघर की भी अहम भूमिका होगी. वहां से बारहसिंगा का एक जोड़ा गोरखपुर लाया जाएगा. वहीं गोरखपुर चिड़ियाघर से बारहसिंगा का एक जोड़ा और एक मगरमच्छ तिरुपति चिड़ियाघर भेजा जाएगा. इसके अलावा तिरुपति चिड़ियाघर से भी कुछ वन्यजीव गोरखपुर लाने की योजना है. इस तरह अलगअलग चिड़ियाघरों के बीच वन्यजीवों का आदानप्रदान किया जाएगा.
प्रजनन के जरिए बढ़ाई जाएगी वन्यजीवों की संख्या
चिड़ियाघर की उपनिदेशक डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि वन्यजीवों के आदानप्रदान की प्रक्रिया के तहत यह पूरी कार्रवाई की जाएगी. इसके लिए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण से मंजूरी मिल चुकी है. उन्होंने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य चिड़ियाघर में विभिन्न प्रजातियों के वन्यजीवों की संख्या बढ़ाना और उनके प्रजनन को बढ़ावा देना है. उन्होंने बताया कि तिरुपति चिड़ियाघर में बाघ मौजूद हैं, जबकि गोरखपुर चिड़ियाघर से तराई क्षेत्र के बाघ वहां भेजे जाएंगे. इसके जरिए प्रजनन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और बाघों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी.
पर्यटकों को देखने को मिलेंगे नए वन्यजीव
चिड़ियाघर प्रशासन के मुताबिक, अलगअलग प्रजातियों के जानवरों के आने से यहां वन्यजीवों की विविधता बढ़ेगी. इससे पर्यटकों को नए जानवर देखने का मौका मिलेगा. साथ ही उन्हें वन्यजीवों की अलगअलग प्रजातियों, उनकी जीवनशैली और संरक्षण के बारे में जानकारी भी मिल सकेगी. प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से चिड़ियाघर में वन्यजीव संरक्षण और प्रजनन की गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी.



