CrimeIndia

​वृद्धाश्रम के नाम पर कारें किराए पर लेकर गिरवी रखने वाला ठग गिरफ्तार, 1.20 करोड़ की 12 लग्जरी गाड़ियां जब्त

Karnataka News: बेंगलुरु की हुलिमावु पुलिस ने कार मालिकों के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील नायक के रूप में हुई है. वो वृद्धाश्रम के संचालन के लिए कारें किराए पर लेने का झांसा देकर गाड़ियों को गिरवी रख देता था और उनसे लाखों रुपये का कर्ज उठा लेता था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.20 करोड़ रुपये अनुमानित कीमत की कुल 12 कारें बरामद कर जब्त कर ली हैं, जिनमें इनोवा, अर्टिगा, सियाज़, क्रेटा, एक्सयूवी और बलेनो जैसे महंगे मॉडल शामिल हैं.

​वृद्धाश्रम के नाम पर कारें किराए पर लेकर गिरवी रखने वाला ठग गिरफ्तार, 1.20 करोड़ की 12 लग्जरी गाड़ियां जब्त

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी सुनील नायक पहले एक वृद्धाश्रम चलाता था और एक ट्रैवल एजेंसी में भी काम कर चुका था. इसी पृष्ठभूमि का इस्तेमाल कर वो कार मालिकों से संपर्क करता था. निजी सफेद बोर्ड वाली कारों के मालिकों से कहता कि उसे वृद्धाश्रम के कामकाज के लिए किराए पर गाड़ियां चाहिए. सुनील हर दिन 1,000 से 2,000 रुपये किराया देने का वादा करता था.

शुरुआत में भरोसा कायम करने के लिए वो मालिकों को कुछ दिनों का किराया समय पर दे देता था. विश्वास जीतने के बाद वह उन गाड़ियों को अपना बताकर और पैसों की तत्काल जरूरत का बहाना बनाकर तीसरे पक्ष के पास गिरवी रख देता था और बदले में लाखों रुपये का कर्ज ले लेता था.

गाड़ी वापस मांगने पर करता था टालमटोल

जब कार मालिकों को समय पर किराया मिलना बंद हुआ और उन्होंने अपनी गाड़ियां वापस मांगीं, तो आरोपी टालमटोल करने लगा. पीड़ितों को जब ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने हुलिमावु पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनील नायक को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर इनोवा, अर्टिगा, क्रेटा, सियाज़, एक्सयूवी और बलेनो समेत कुल 12 कारें जब्त की गईं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.20 करोड़ रुपये है. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गिरवी रखने वाले खरीदारों की जांच कर रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply