उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन सियासी बयानबाजी का पारा अभी से चढ़ने लगा है. इस बार लड़ाई की वजह बना है एक ऐसा बयान, जिसने सियासत में भाषा और मर्यादा की बहस छेड़ दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो अखिलेश सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते. योगी का इशारा अखिलेश की पत्नी और सांसद डिंपल यादव की तरफ था, जो उत्तराखंड से आती हैं.

सीएम योगी के इस बयान पर अखिलेश यादव ने पलटवार किया. उन्होंने इसे गोपालकों का अपमान बताते हुए भगवान श्रीकृष्ण के अपमान से भी जोड़ दिया. अखिलेश ने कहा कि सनातनी वस्त्र पहनकर इतनी निम्नस्तरीय भाषा नहीं बोलनी चाहिए. साथ ही 2027 के चुनाव को 5 प्रतिशत अहंकारियों और 95 प्रतिशत PDA के बीच की लड़ाई बता दिया. यानी उत्तराखंड के लोगों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब योगी बनाम अखिलेश की व्यक्तिगत बयानबाजी तक पहुंच गया है.
योगी ने अखिलेश पर साधा निशाना, डिंपल के बहाने किया तंज
उत्तर प्रदेश की सियासत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. मुख्यमंत्री योगी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो अखिलेश यादव सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वह पिछले दिनों एक व्यक्ति का बयान सुन रहे थे, जिसमें उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताया जा रहा था.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री भी उत्तराखंड से थे. इसके बाद अखिलेश पर तंज कसते हुए योगी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी न होती तो अखिलेश सैफई में भैंस चरा रहे होते. मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मां गंगा उत्तराखंड से आती हैं. यमुना और सरयू का भी उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इतनी छोटी और संकुचित सोच नहीं होनी चाहिए.
योगी ने आरोप लगाया कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से गले मिलते हैं और उनके सामने नाक रगड़ते हैं, वही देवभूमि उत्तराखंड के लोगों के प्रति जहर उगलने का काम करते हैं.
अखिलेश का पलटवार, बोले गोपालकों का अपमान अक्षम्य
मुख्यमंत्री योगी के बयान पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के जरिए पलटवार किया. सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री पर गोपालकों का अपमान करने और प्रकारांतर से भगवान श्रीकृष्ण का अपमान करने का आरोप लगाया. अखिलेश ने लिखा कि गोपालकों का अपमान अक्षम्य है. उन्होंने मुख्यमंत्री पर भगवान राम, भगवान शिव और भगवान कृष्ण के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया. अखिलेश ने वाराणसी में पाल समाज के साथ कथित दुर्व्यवहार और राजमाता अहिल्याबाई होल्कर से जुड़ी प्रतिमा के अपमान का मुद्दा भी उठाया.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राम मंदिर में चढ़ावे, चंदे और दान की कथित चोरी का मामला उठाते हुए भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता स्थापित करने की कोशिश में धार्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है. अखिलेश ने अपने पोस्ट में एक दूसरे नेता पर भी निशाना साधा और दोनों के बीच समानताएं गिनाईं. उन्होंने वेशभूषा का स्वांग, दुर्रवचनी जुबान और भगवान रामकृष्ण का सार्वजनिक रूप से अपमान करने जैसे आरोप लगाए.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री को संवैधानिक पद की मर्यादा याद दिलाते हुए कहा कि सनातनी वस्त्र पहनकर इतनी निम्नस्तरीय भाषा नहीं बोलनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री को सार्वजनिक मर्यादा और पद की प्रतिष्ठा का ध्यान रखना चाहिए.
2027 को लेकर अखिलेश का दावा, PDA बनाम अहंकार की लड़ाई
सीएम योगी और अखिलेश के बीच यह बयानबाजी सिर्फ व्यक्तिगत आरोपप्रत्यारोप तक सीमित नहीं रही. अखिलेश यादव ने इसे सीधे 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़ दिया. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के बयानों के पीछे 2024 और 2026 की हार का डर है और 2027 में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ेगा.
अखिलेश ने अपने पोस्ट में कहा कि 2027 का चुनाव अब 5 प्रतिशत अहंकारियों, वर्चस्ववादियों और प्रभुत्ववादियों बनाम 95 प्रतिशत PDA के बीच हो गया है. उन्होंने दावा किया कि PDA का जनाधार 85 प्रतिशत से बढ़कर 95 प्रतिशत हो गया है. सपा प्रमुख के मुताबिक, इस 95 प्रतिशत में हर समाज के पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग शामिल हो चुके हैं. अखिलेश पहले भी 80 बनाम 20 की राजनीति के मुकाबले 95 बनाम 5 का नारा दे चुके हैं.
घुसपैठिए वाले बयान से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, इस पूरे विवाद की शुरुआत उत्तराखंड के लोगों को लेकर अखिलेश यादव के बयान से हुई थी. SIR के मसले पर बोलते हुए अखिलेश ने उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा घुसपैठिए उत्तराखंड के होने की बात कही थी. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी उत्तराखंड वापस भेजने की टिप्पणी की थी. इस बयान पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी. धामी ने इसे देवभूमि के स्वाभिमान, सैनिकों के बलिदान और उत्तराखंड राज्य आंदोलन का अपमान बताया था. उन्होंने रामपुर तिराहा गोलीकांड का भी जिक्र किया था.
इसके बाद उत्तराखंड में सपा और अखिलेश यादव का विरोध शुरू हो गया था. कल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में उत्तराखंड महोत्सव में पहुंचे तो उन्होंने अखिलेश के उस बयान का जिक्र करते हुए तंज कसा.



