दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों में भारतीय मूल के CEO का दबदबा लगातार बढ़ रहा है. HSBC Hurun Global Indians List 2026 में Alphabet के CEO सुंदर पिचाई ने पहला स्थान हासिल किया है. उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्या नडेला को पीछे छोड़ दिया है. इस लिस्ट में भारतीय मूल के 236 कारोबारी लीडर्स शामिल हैं, जो विदेशों में मुख्यालय वाली 200 कंपनियों का नेतृत्व कर रहे हैं. इन कंपनियों की कुल वैल्यूएशन 15 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 1,350 लाख करोड़ रुपये है.

Alphabet की वैल्यूएशन 4.2 ट्रिलियन डॉलर
सुंदर पिचाई की अगुवाई वाली Alphabet इस लिस्ट में सबसे मूल्यवान कंपनी बनकर उभरी है. कंपनी की वैल्यूएशन बढ़कर 4.2 ट्रिलियन डॉलर हो गई है. साल 2024 की पिछली लिस्ट के मुकाबले इसमें 98 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, सत्या नडेला की अगुवाई वाली माइक्रोसॉफ्ट दूसरे स्थान पर है. कंपनी की वैल्यूएशन 17 फीसदी घटकर 2.6 ट्रिलियन डॉलर रह गई है. इस बदलाव के साथ Alphabet ने माइक्रोसॉफ्ट को पीछे छोड़ दिया है.
तीसरे स्थान पर माइक्रोन टेक्नोलॉजी के CEO संजय मेहरोत्रा हैं. कंपनी की वैल्यूएशन बढ़कर 1.4 ट्रिलियन डॉलर हो गई है. इसमें 1,174 फीसदी की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है. AI सिस्टम में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी चिप की बढ़ती मांग को इसकी बड़ी वजह माना गया है. टॉप पांच में यूट्यूब के CEO नील मोहन और गूगल क्लाउड के CEO थॉमस कुरियन भी शामिल हैं.
200 कंपनियों की कुल वैल्यूएशन 15 ट्रिलियन डॉलर
HSBC Hurun Global Indians List 2026 में शामिल 200 कंपनियों की कुल वैल्यूएशन 15 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई है. साल 2024 की पहली लिस्ट में यह आंकड़ा 9.9 ट्रिलियन डॉलर था. यानी दो साल में कुल वैल्यूएशन में 53 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
इन कंपनियों में दुनियाभर के करीब 53 लाख लोग काम करते हैं. इनका कुल रेवेन्यू साल 2025 में 2.5 ट्रिलियन डॉलर रहा, जबकि कुल नेट प्रॉफिट 416 अरब डॉलर दर्ज किया गया. लिस्ट की टॉप पांच कंपनियों की कुल वैल्यूएशन 9.1 ट्रिलियन डॉलर है. वहीं, टॉप 10 कंपनियां मिलकर 10.5 ट्रिलियन डॉलर की वैल्यूएशन रखती हैं.
AI सेक्टर की 18 कंपनियां भी लिस्ट में शामिल
इस बार की लिस्ट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को पहली बार अलग इंडस्ट्री के रूप में जगह मिली है. इसमें 18 कंपनियां शामिल हैं, जिनकी कुल वैल्यूएशन 227 अरब डॉलर है. लिस्ट की 200 कंपनियों में से 103 कंपनियां ऐसी हैं, जिनका कारोबार AI पर आधारित है या वे अपने कारोबार में AI का इस्तेमाल कर रही हैं. इन कंपनियों की कुल वैल्यूएशन 10.7 ट्रिलियन डॉलर है. यह पूरी लिस्ट की कुल वैल्यूएशन का करीब 71 फीसदी है. AI स्टार्टअप Cursor इस लिस्ट का सबसे मूल्यवान स्टार्टअप है, जिसकी वैल्यूएशन 60 अरब डॉलर बताई गई है. टॉप 10 सबसे मूल्यवान स्टार्टअप में से सात AI कंपनियां हैं.
अमेरिका में रहते हैं सबसे ज्यादा भारतीय मूल के लीडर्स
लिस्ट में शामिल 236 भारतीय मूल के लीडर्स में से 177 अमेरिका में रहते हैं. इसके बाद UAE और ब्रिटेन में 1515 तथा सिंगापुर में नौ लीडर्स रहते हैं. शहरों के हिसाब से सैन फ्रांसिस्को सबसे आगे है, जहां 40 लीडर्स रहते हैं. दुबई में 15 और पालो ऑल्टो तथा लंदन में 1313 लीडर्स रहते हैं. भारत में महाराष्ट्र से सबसे ज्यादा 22 लीडर्स इस लिस्ट में शामिल हैं. दिल्ली 21 और तमिलनाडु 15 लीडर्स के साथ अगले स्थान पर हैं.
भारतीय संस्थानों से पढ़ाई कर पहुंचे ग्लोबल कंपनियों तक
इस लिस्ट में शामिल करीब 58 फीसदी लीडर्स ने अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई भारत में पूरी की है. IIT दिल्ली से सबसे ज्यादा 15 लीडर्स निकले हैं. इसके बाद मुंबई यूनिवर्सिटी से 12 और IIT मद्रास से 11 लीडर्स शामिल हैं.
महिला लीडर्स की संख्या भी बढ़ी है. इस बार लिस्ट में 16 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 2024 में इनकी संख्या 12 थी. इन महिलाओं की अगुवाई वाली कंपनियों की कुल वैल्यूएशन 699 अरब डॉलर है. अरिस्ता नेटवर्क्स की जयश्री उल्लाल इस समूह में सबसे आगे हैं.



