IndiaUttar Pradesh

​Saharanpur News: नाम हिंदू, धर्म मुस्लिम… पुलिस पहरे में हुआ 2 बहनों का निकाह, दूल्हों के नाम पर मचा था बवाल

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के गंगोह में पिछले एक सप्ताह से दूल्हों के नाम को लेकर सुर्खियों में रही दो सगी मुस्लिम बहनों की शादी गुरुवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच संपन्न हो गई. इसके साथ ही शादी को लेकर चल रही तमाम अटकलों और चर्चाओं पर विराम लग गया. निकाह के कार्ड पर दूल्हों के हिंदू नाम लिखे होने के कारण विवाद खड़ा हुआ था. मामला इतना बढ़ा कि निकाह रुकवाने की धमकियां तक दी गईं. हालांकि, गुरुवार को पुलिस की निगरानी में दोनों बारातें पहुंचीं और मौलानाओं ने निकाह की रस्में पूरी कराईं. इस दौरान भारतीय किसान यूनियन टिकैत से जुड़े किसान नेता भी बारात की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मौके पर मौजूद रहे.

​Saharanpur News: नाम हिंदू, धर्म मुस्लिम… पुलिस पहरे में हुआ 2 बहनों का निकाह, दूल्हों के नाम पर मचा था बवाल

दरअसल, गंगोह के मोहल्ला अनारकली निवासी दो सगी बहनों रफ्शा और गुलफ्शा का निकाह हरियाणा के युवकों से तय हुआ था. हिसार जिले के छोटी सातरोड निवासी अनिल और जींद जिले के ढांडाखेड़ी निवासी चंद्रभान के पुत्र संजय की बारात गुरुवार को गंगोह पहुंची. 4 दिन पहले शादी के कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दूल्हों के हिंदू नामों को लेकर सवाल उठने लगे. कुछ लोगों ने इसे अंतरधार्मिक विवाह बताते हुए आपत्ति जताई, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया.

निकाह रुकवाने की दी थी धमकी

आरोप है कि कुछ लोगों ने शादी के लिए बुक किए गए गार्डन के संचालक को फोन कर बुकिंग रद्द करने का दबाव बनाया और निकाह रुकवाने की धमकी दी. यहां तक कहा गया कि शादी होने पर हिंदू संगठनों को बुलाकर हंगामा कराया जाएगा. इसके बाद दोनों बहनों ने गंगोह कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और निकाह के दौरान सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. शिकायत मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने भी इस मामले में बयान जारी किया था की दूल्हों के नाम हिंदू नाम पर है लेकिन वो मुस्लिम ही है.

हिंदू नाम रखने की बताई वजह

आज बारात लेकर पहुंचे दूल्हों के परिवारों की ओर से हिंदू नाम रखने के पीछे की वजह भी बताई गई. परिजनों के मुताबिक, वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान उनके पूर्वजों की जान पर संकट आ गया था. उस समय गांव के हिंदू परिवारों ने उन्हें हिंदू बताकर उनकी पहचान छिपाई और जान बचाने में मदद की थी. परिवार का कहना है कि हिंदू परिवारों के इस सहयोग और आपसी भाईचारे की याद को पीढ़ियों तक कायम रखने के लिए उनके यहां बच्चों के हिंदू नाम रखने की परंपरा शुरू हुई. अनिल और संजय के नाम भी इसी परंपरा का हिस्सा हैं.

दोनों दूल्हे मुस्लिम

पुलिस ने भी मामले की जांच के बाद स्पष्ट किया था कि दोनों दूल्हे मुस्लिम समुदाय से हैं. उनके नाम को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे अंतरधार्मिक विवाह की बाते अफवाह. दोनों परिवार एक ही समुदाय से ताल्लुक रखते हैं. गुरुवार को निकाह के मद्देनजर बरातघर के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया था. पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे. भारतीय किसान यूनियन टिकैत से जुड़े किसान भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम के दौरान मौजूद रहे. पुलिस की निगरानी में दोनों बारातों का स्वागत हुआ और मौलानाओं ने निकाह की रस्में पूरी कराईं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply