CrimeIndia

धमतरी: रास्ता रोककर मारपीट व लूटपाट करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 43,800 रुपये की लूट का मामला

धमतरी: जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर मारपीट और लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपियों ने पीड़ितों से मारपीट कर नकद रकम और मोबाइल के माध्यम से कुल 43,800 रुपये की लूट की थी.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी देवेन्द्र कुमार मारकण्डे निवासी ग्राम छाती थाना कुरूद ने थाना मगरलोड में शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 मार्च 2026 को वह अपने साथियों फगेश्वर कुमार साहू, लक्ष्मण यादव, लीलेश कुमार यादव और दुर्गेश कुमार साहू के साथ पिकअप वाहन में दो बछड़ों को छोड़ने ग्राम मुडकेरा जा रहे थे. इसी दौरान आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग में दोपहर करीब 3 बजे स्विफ्ट कार में सवार कुछ लोगों ने उनका वाहन रोक लिया.

आरोपियों ने मवेशी ले जाने के संबंध में पूछताछ करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की. इसके बाद खुद को किसी दल और पुलिस का सदस्य बताकर पीड़ितों को जबरन अपनी कार में बैठाकर दुगली की ओर ले गए. वहां तालाब के पास फिर से मारपीट कर नकद 13,800 रुपये लूट लिए और मोबाइल के फोन-पे के माध्यम से 30,000 रुपये ट्रांसफर करा लिए. इस तरह कुल 43,800 रुपये की लूट की गई.

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मगरलोड पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों और पतासाजी के आधार पर पुलिस ने आरोपी ओमकार कुर्रे (41), चांद कुर्रे (19) और राहुल कुर्रे (26) निवासी ग्राम पाईकभाठा, थाना सिहावा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना को स्वीकार कर लिया.

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, दो मोबाइल फोन और लूट की नगदी रकम बरामद कर ली है. पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply