फाइनेंशियल शेयरों में बड़ी गिरावट की वजह से शुक्रवार को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली. शुरुआती सेशन में ही सेंसेक्स 600 से ज्यादा अंकों तक टूट गया. वहीं दूसरी ओर निफ्टी में भी 225 अंकों की गिरावट देखने को मिली. बजाज फाइनेंस से लेकर एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक और दूसरे बैंकों में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है. इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतें एक बार फिर से 95 डॉलर के पार दिखाई दे रही हैं. जोकि गुरुवार को 92 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई थी. जानकारों की मानें तो कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता है. भले ही अमेरिका और ईरान के बीच कोई वॉर ना हो रहा हो, लेकिन अभी तक शांति को लेकर कोई डील नहीं हुई है. जिसकी वजह से अस्थिरता बनी हुई है. शेयर बाजार में आई इस शुरुआती गिरावट की वजह से शेयर बाजार निवेशकों को महज 7 मिनट में 2.83 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर सेंसेक्स और निफ्टी में किस तरह के आंकड़े देखने को मिल रहे हैं.

शेयर बाजार में गिरावट
शेयर बाजार में काफी दिनों के बाद गिरावट देखने को मिल रही है. आंकड़ों को देखें तो बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स में शुरुआती कारोबारी सत्र के दौरान 610.55 अंकों की गिरावट गिरावट देखने को मिली और आंकड़ा 81,300.46 अंकों पर आ गया. वैसे सेंसेक्स की ओपनिंग 81,833.78 अंकों के साथ हुई थी. एक दिन पहले सेंसेक्स फ्लैट 81,911.01 अंकों पर बंद हुए थे. सुबह 9 बजकर 44 मिनट पर सेंसेक्स करीब 240 अंकों की गिरावट के साथ 81,670.89 अंकों पर कारोबार कर रहा है. इसका मतलब है कि सेंसेक्स में शुरुआती गिरावट के बाद 350 अंकों की रिकवरी हासिल की है.
दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी भी गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है. आंकड़ों को देखें तो सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर निफ्टी करीब 100 अंकों की गिरावट के साथ 25,200.60 अंकों पर कारोबार कर रहा है. वैसे निफ्टी कारोबरी सत्र के दौरान 225 अंकों की गिरावट के साथ 25,077.55 अंकों पर दिखाई दिया था. निफ्टी ओपनिंग शुक्रवार को 25,209.85 अंकों पर देखने को मिली थी.
किन शेयरों में आ रही है गिरावट
महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक बीएसई पर सबसे बड़े लूजर दिखाई दे रहे हैं. साथ ही बीईएल, टाइटन, एसबीआई, इंडिगो, मारुति, बजाज फिनवर्स, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस भी गिरावट के साथ कारोबार करते हुए दिखाई दे रहे हैं. वहीं टेक शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है. एचसएल टेक, टीसीएस, टेक महिंद्रा इंफोसिस हरे निशान पर दिखाई दे रहे हैं. साथ ही भारती एयरटेल, सनफार्मा के शेयरों में भी तेजी देखने को मिल रही है. एनएसई पर श्रीराम फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंडालको और टाइटन में बड़ी गिरावट देखी जा रही है. जबकि अपोलो हॉस्पिटल, डॉ रेड्डी, सनफार्मा, एचसीएलटेक में इजाफा देखने को मिल रहा है.
निवेशकों को मोटा नुकसान
शेयर बाजार में आई शुरुआती गिरावट की वजह से निवेशकों को मोटा नुकसान हुआ है. आंकड़ों को देखें तो बीएसई का मार्केट कैप कारोबारी सत्र के 7 मिनट के अंदर 5,09,44,186.57 करोड़ रुपए पर आ गया था. जबकि एक दिन पहले मार्केट कैप 5,12,27,177.05 करोड़ रुपए पर था. इसका मतलब है कि बीएसई के मार्केट कैप में 2,82,990.48 करोड़ रुपए की गिरावट देखने को मिल चुकी है. इसका मतलब है कि निवेशकों का भी इतना ही नुकसान हुआ है.



