टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने वित्त वर्ष 202627 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. कंपनी को जुलाईसितंबर तिमाही में ₹5,531 करोड़ का कंसोलिडेटेड नेट लॉस हुआ है. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने ₹76,170 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया था. हालांकि, इस बार कंपनी की कमाई में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है. दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 34% बढ़कर ₹96,920 करोड़ हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में ₹72,349 करोड़ था. कंपनी के वित्तीय नतीजों पर एकमुश्त खर्च और संपत्तियों की वैल्यू में कमी का असर पड़ा है.

कंपनी का दूसरी तिमाही में EBITDA करीब ₹6,000 करोड़ रहा. वहीं, EBITDA मार्जिन में भी सुधार हुआ है. यह पिछले साल के मुकाबले 6.3 प्रतिशत अंक बढ़कर 6.2% पर पहुंच गया. इसी तरह EBIT मार्जिन 7.9 प्रतिशत अंक सुधरकर 1.1% हो गया. कंपनी के घरेलू वाहन कारोबार में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली. दूसरी तिमाही में घरेलू गाड़ियों की बिक्री में सालाना आधार पर 40% की बढ़ोतरी हुई, जबकि इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 90% बढ़ गई. कंपनी ने बताया कि उसके घरेलू पैसेंजर व्हीकल कारोबार ने इस तिमाही में अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही रेवेन्यू दर्ज किया है.
JLR के रेवेन्यू में 20.3% की बढ़ोतरी
टाटा मोटर्स के लग्जरी कार कारोबार जगुआर लैंड रोवर ने भी दूसरी तिमाही में रेवेन्यू के मामले में अच्छा प्रदर्शन किया. JLR का रेवेन्यू सालाना आधार पर 20.3% बढ़कर 5.894 अरब पाउंड हो गया. कंपनी का EBITDA मार्जिन 8.2 प्रतिशत अंक बढ़कर 6.6% पर पहुंच गया. वहीं, EBIT मार्जिन 9.7 प्रतिशत अंक के सुधार के साथ 1.1% रहा.
हालांकि, JLR को इस तिमाही में 530 मिलियन पाउंड का एक्स्ट्रा खर्च भी उठाना पड़ा. इसमें कंपनी की रिस्ट्रक्चरिंग से जुड़े खर्च शामिल हैं. इनमें कर्मचारियों की छंटनी या नौकरी छोड़ने से जुड़ी लागत और विकास के चरण में मौजूद कुछ संपत्तियों की वैल्यू घटाने का खर्च शामिल है. JLR का दूसरी तिमाही में फ्री कैश आउटफ्लो 540 मिलियन पाउंड रहा. यानी इस दौरान कंपनी में आने के मुकाबले ज्यादा नकदी बाहर गई. 30 सितंबर 2026 तक कंपनी के पास 1.8 अरब पाउंड का कैश बैलेंस था. वहीं, उसकी कुल लिक्विडिटी 6 अरब पाउंड रही.
JLR ने घटाया पूरे साल की कमाई का अनुमान
बाजार में लगातार बनी चुनौतियों, वैश्विक जोखिमों और एक्स्ट्रा खर्चों को देखते हुए JLR ने वित्त वर्ष 202627 के लिए अपना अनुमान बदल दिया है. कंपनी को अब पूरे साल में एडजस्टेड EBIT मार्जिन 2% से 3% के बीच रहने की उम्मीद है. इसके अलावा, कंपनी ने पूरे साल के लिए करीब 1.25 अरब पाउंड के फ्री कैश आउटफ्लो का अनुमान जताया है. इससे साफ है कि रेवेन्यू में बढ़ोतरी के बावजूद कंपनी के सामने लागत और नकदी से जुड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं.



