Bijnor News: गन्ने की खेती के लिए मशहूर उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में अब किसान चुकंदर की खेती से भी अपनी आमदनी बढ़ा रहे हैं. ऑस्ट्रेलियन प्रजाति के चुकंदर की खेती का प्रयोग सफल होने के बाद इसका दायरा अब उत्तराखंड के तराई क्षेत्रों तक पहुंच गया है. खास बात यह है कि चुकंदर से तैयार होने वाले जैविक गुड़ की मांग भारत के साथसाथ विदेशों में भी बढ़ रही है. भूटान, दुबई और जर्मनी जैसे देशों से इसके ऑर्डर मिले हैं. किसानों को उम्मीद है कि इस नई फसल से उन्हें गन्ने के मुकाबले ज्यादा मुनाफा मिल सकेगा.

बिजनौर के बाद काशीपुर और बाजपुर में भी खेती की तैयारी
बिजनौर के नहटौर क्षेत्र में पिछले साल किसान उत्पादक संगठन क्रिएटिव फार्मिंग प्रोड्यूसर कंपनी की मदद से करीब 800 से 1,000 बीघा जमीन पर चुकंदर की खेती की गई थी. इस दौरान किसानों से लगभग एक हजार टन चुकंदर खरीदा गया. इसकी कीमत 400 रुपए प्रति क्विंटल तय की गई थी.
पिछले साल मिले अच्छे परिणाम और विदेशों से आए ऑर्डर को देखते हुए इस बार खेती का रकबा बढ़ाया जा रहा है. इस सीजन में करीब 2,000 से 3,000 बीघा जमीन पर चुकंदर उगाने का लक्ष्य रखा गया है. इसमें बिजनौर के अलावा उत्तराखंड के काशीपुर और बाजपुर के किसानों को भी शामिल किया गया है. तराई क्षेत्र की उपजाऊ जमीन और अनुकूल मौसम को चुकंदर की खेती के लिए बेहतर माना जा रहा है.
अप्रैल तक विदेश भेजी जाएगी जैविक गुड़ की खेप
चुकंदर से गुड़ बनाने के लिए बिजनौर के नहटौर क्षेत्र के नवादा गांव में एक विशेष प्रोसेसिंग यूनिट लगाई गई है. यहां चुकंदर से जैविक गुड़ और चीनी तैयार की जा रही है. विदेशों से मिले ऑर्डर के मुताबिक अप्रैल महीने तक तैयार गुड़ की खेप भेजी जानी है.
FPO की ओर से बिजनौर के साथ उत्तराखंड के किसानों को भी खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. संगठन किसानों को 600 रुपए प्रति बीघा की दर से उन्नत बीज उपलब्ध करा रहा है. इसके साथ ही फसल की बुआई से लेकर उसकी देखभाल तक तकनीकी जानकारी भी दी जा रही है.
गन्ने से ज्यादा चीनी की रिकवरी, किसानों को दोहरा फायदा
FPO के CEO विजेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियन प्रजाति के चुकंदर की एक जड़ का वजन 2 से 4 किलोग्राम तक होता है. इसकी पैदावार प्रति बीघा 70 से 100 क्विंटल तक हो सकती है. सबसे बड़ी बात यह है कि चुकंदर से चीनी निकालने की रिकवरी गन्ने के मुकाबले ज्यादा है, जहां गन्ने से अधिकतम करीब 12 प्रतिशत चीनी की रिकवरी होती है, वहीं चुकंदर से 15 से 16 प्रतिशत तक रिकवरी मिल सकती है. इससे गुड़ और चीनी बनाने के कारोबार में भी बेहतर संभावनाएं बन रही हैं.
चुकंदर के बाद उसी खेत में उगा सकेंगे दूसरी फसल
इस खेती का एक और बड़ा फायदा यह है कि किसान इसे शरदकालीन गन्ने के साथ ट्रेंच विधि से सहफसल के रूप में भी उगा सकते हैं. वहीं केवल चुकंदर की खेती करने वाले किसान मार्च में इसकी खुदाई के बाद उसी खेत में मक्का या दूसरी मौसमी फसलें लगा सकते हैं. इससे एक साल में डेढ़ से दो गुना तक आमदनी बढ़ने की संभावना है. चुकंदर से गुड़ और चीनी बनाने के बाद बचने वाले अवशेषों का इस्तेमाल पशुओं के लिए पौष्टिक चारा यानी साइलेज बनाने में भी किया जा रहा है. इस तरह फसल का लगभग पूरा हिस्सा उपयोग में लाया जा सकता है.
प्रशासन भी दे रहा किसानों को प्रोत्साहन
बिजनौर के मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह ने किसानों की इस पहल की सराहना की है. उनका कहना है कि प्रशासन FPO को वैकल्पिक फसलों की खेती और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है. बिजनौर से शुरू हुई चुकंदर की यह खेती अब उत्तराखंड के तराई क्षेत्रों में भी किसानों को नई उम्मीद दे रही है. विदेशों तक पहुंच रही जैविक गुड़ की मांग ने इस फसल को कारोबार का नया विकल्प बना दिया है. आने वाले समय में यह पहल गन्ने पर निर्भर किसानों की आमदनी बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती है.



