सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है. दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार, 13 नवंबर को सोने का भाव 2,500 रुपए गिरकर 1,40,900 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया. वैश्विक बाजार में कमजोरी और दिवाली के बाद मांग घटने से सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है. वहीं, चांदी भी 3,500 रुपए सस्ती होकर 1,84,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई.

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, गुरुवार को सोना 1,43,400 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. शुक्रवार को इसमें 2,500 रुपए की गिरावट दर्ज की गई. ये कीमतें सभी टैक्स सहित हैं. सोने की कीमतों में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट आई है. चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली. पिछले कारोबारी सत्र में स्थिर रहने के बाद शुक्रवार को चांदी 3,500 रुपए टूटकर 1,84,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई. इससे पहले इसका भाव 1,87,500 रुपए प्रति किलोग्राम था.
दिवाली के बाद कमजोर हुई सोने की मांग
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी के मुताबिक, घरेलू बाजार में सोने की कीमतों पर दो वजहों से दबाव है. पहली, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी और दूसरी, दिवाली के बाद खुदरा मांग में कमी. त्योहारों के दौरान खरीदारी बढ़ने के बाद अब बाजार में मांग धीमी पड़ गई है.
जियोटस डॉट कॉम के सीईओ विक्रम सुब्बुराज ने बताया कि चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट आई है. अमेरिका में ट्रेजरी बॉन्ड पर मिलने वाला रिटर्न बढ़ने और डॉलर मजबूत होने से सोनेचांदी जैसी कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा है. उनके मुताबिक, चांदी की कीमतों में ज्यादा गिरावट यह दिखाती है कि निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता और औद्योगिक मांग से जुड़ी उम्मीदों में बदलाव का इस पर अधिक असर पड़ता है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों का हाल
वैश्विक बाजार में गुरुवार की तेज गिरावट के बाद शुक्रवार को सोने की कीमतों में कुछ सुधार हुआ. अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 27.21 डॉलर यानी करीब 1 फीसदी बढ़कर 3,904.87 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. इससे पिछले सत्र में सोना करीब 3 फीसदी गिरकर 3,877.52 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था. इस दौरान यह 4,000 डॉलर के अहम स्तर से भी नीचे आ गया था.
सौमिल गांधी के अनुसार, गुरुवार को सोने ने पिछले 52 हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ था. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद बिकवाली बढ़ी, जिसमें उन्होंने कहा था कि वॉशिंगटन को तेहरान के साथ शांति समझौते की जरूरत नहीं है. इससे अमेरिका और ईरान के बीच जल्द कूटनीतिक समाधान निकलने की उम्मीद कमजोर हुई. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का भाव करीब 50.04 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा.
अमेरिका के महंगाई आंकड़ों पर निवेशकों की नजर
अब निवेशकों की नजर अमेरिका के प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स और कोर PPI के आंकड़ों पर है. इनसे अमेरिका में महंगाई की स्थिति और फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आगे की रणनीति के संकेत मिल सकते हैं. इसके अलावा फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के भाषणों पर भी बाजार की नजर रहेगी. इनसे दिसंबर में होने वाले ब्याज दरों के फैसले को लेकर संकेत मिल सकते हैं.
एलकेपी सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, डॉलर में उतारचढ़ाव के कारण आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में अस्थिरता बनी रह सकती है. पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों को भी समर्थन मिल रहा है. इससे महंगाई बढ़ने की चिंता बनी हुई है. बाजार को आशंका है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक मौद्रिक नीतियों को सख्त रख सकता है. इसका असर सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं की कीमतों पर पड़ सकता है.



