उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने की कवायद तेज हो गई है. इसी बीच डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पार्टी कार्यकर्ताओं को ऐसा संदेश दिया है, जिसके सियासी मायने निकाले जा रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में केशव मौर्य ने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें ‘निपटाने’ की प्रवृत्ति से बचना चाहिए. उन्होंने साफ कहा कि अगर सरकार ही नहीं रहेगी तो किसी को निपटाकर क्या हासिल करेंगे?

ने कहा है बैठक में की नाराजगी अपनी जगह है, लेकिन पब्लिक फोरम पर जाकर कार्यकर्ता को विरोध नही करना है. टिकट के संबंध में बोलते हुए केशव मौर्या ने बैठक में कहा कि पार्टी अगर किसी को टिकट देती है तो कोई भी उसका विरोध ना करिए और उसको पार्टी का फैसला मानते हुए पार्टी के निर्णय के साथ खड़े होकर उसकी जिताने का काम करेगा.
लखनऊ में हुई बीजेपी की संगठनात्मक बैठक
दरअसल, शुक्रवार को लखनऊ में बीजेपी की संगठनात्मक बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती को लेकर चर्चा हुई. बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत संगठन के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इस दौरान केशव मौर्य ने अपने संबोधन में पार्टी के भीतर कार्यकर्ताओं की नाराजगी और आपसी खींचतान की ओर भी इशारा किया.
केशव मौर्य ने कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती सबसे जरूरी है. कार्यकर्ताओं को एकदूसरे को ‘निपटाने’ की मानसिकता से बाहर आना होगा. उन्होंने कहा कि सरकार रहेगी तभी पद और प्रतिष्ठा भी रहेगी. अगर सरकार ही नहीं बचेगी तो किसी को निपटाने से क्या हासिल होगा?
राज्यसभा में जगह नहीं मिलने से नाराजगी का भी जिक्र
डिप्टी सीएम ने अपने संबोधन में राज्यसभा के लिए भेजे गए नेताओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आखिर राज्यसभा में जिन लोगों को भेजा गया है, वे भी कार्यकर्ता ही हैं. ऐसे में किसी को नाराजगी हो सकती है, लेकिन इस नाराजगी का असर संगठन के कामकाज पर नहीं पड़ना चाहिए.
केशव मौर्य का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है. पार्टी के सामने एक तरफ विपक्ष के PDA और संभावित नए राजनीतिक समीकरणों की चुनौती है, तो दूसरी तरफ संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की जरूरत है. ऐसे में केशव का कार्यकर्ताओं को दिया गया संदेश अहम माना जा रहा है.
2027 के लिए संगठन को एकजुट रखने की कोशिश
बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने की है. लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रदर्शन में आई गिरावट के बाद से ही कार्यकर्ताओं की उपेक्षा, अधिकारियों की मनमानी और संगठनसरकार के बीच तालमेल को लेकर सवाल उठते रहे हैं. अब 2027 के चुनाव से पहले पार्टी नेतृत्व किसी भी तरह की अंदरूनी खींचतान को चुनावी नुकसान में तब्दील नहीं होने देना चाहता.
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी SIR को महत्वपूर्ण बताते हुए मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए कार्यकर्ताओं को अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कम होने का मुद्दा उठाते हुए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की बात कही.
इस तरह बैठक में योगी का जोर जहां मतदाता सूची में नाम बढ़वाने और बूथ मैनेजमेंट पर रहा, वहीं केशव मौर्य ने कार्यकर्ताओं की नाराजगी, आपसी खींचतान और संगठन की एकजुटता का मुद्दा उठाया. साफ है कि बीजेपी नेतृत्व के सामने 2027 की लड़ाई से पहले संगठन को भीतर से मजबूत रखने की चुनौती है.



