Namo Bharat Train: दिल्लीNCR और मेरठ के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है. नमो भारत ट्रेन से यात्रा करने वालों का सफर अब और तेज होने वाला है. एनसीआरटीसी 16 नवंबर से नमो भारत ट्रेन की आठ अतिरिक्त तेज सेवाएं शुरू करने जा रहा है. ये ट्रेनें सुबह और शाम के व्यस्त समय में चलाई जाएंगी. खास बात यह है कि इन ट्रेनों का ठहराव सभी स्टेशनों पर नहीं होगा, बल्कि ये चुनिंदा पांच स्टेशनों पर ही रुकेंगी. इससे यात्रियों का काफी समय बचेगा.

आनंद विहार से गाजियाबाद सिर्फ 8 मिनट में पहुंचेंगे
एनसीआरटीसी के मुताबिक, इन तेज ट्रेनों के शुरू होने के बाद आनंद विहार से गाजियाबाद का सफर महज आठ मिनट में पूरा किया जा सकेगा. वहीं आनंद विहार से मेरठ के बेगमपुल स्टेशन तक पहुंचने में 36 मिनट लगेंगे. गाजियाबाद से बेगमपुल तक का सफर 28 मिनट में पूरा होगा. पूरे दिल्लीमेरठ कॉरिडोर की यात्रा भी 50 मिनट से कम समय में पूरी की जा सकेगी.
सिर्फ 5 स्टेशनों पर रुकेंगी तेज ट्रेनें
इन अतिरिक्त ट्रेनों को कम समय में सफर पूरा कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है. इसलिए इनका ठहराव केवल पांच स्टेशनों पर होगा. इनमें सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम शामिल हैं. इन स्टेशनों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा. खासकर रोजाना नौकरी या पढ़ाई के लिए दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच आनेजाने वाले लोगों का समय बचेगा.
सुबह और शाम इस समय मिलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें
एनसीआरटीसी ने बताया कि सुबह के व्यस्त समय में सराय काले खां और मोदीपुरम, दोनों टर्मिनल स्टेशनों से दोदो अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी. ये ट्रेनें सुबह 8 बजे और 8:30 बजे रवाना होंगी. इसी तरह शाम के समय भी दोनों टर्मिनल स्टेशनों से शाम 6 बजे और 6:30 बजे अतिरिक्त ट्रेनें चलेंगी. इस तरह सुबह और शाम मिलाकर कुल आठ अतिरिक्त सेवाएं यात्रियों को उपलब्ध होंगी.
हर 10 मिनट में चलती रहेंगी नियमित ट्रेनें
इन तेज ट्रेनों के शुरू होने से नियमित नमो भारत सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा. सामान्य ट्रेनें पहले की तरह हर 10 मिनट के अंतराल पर चलती रहेंगी. यानी यात्रियों को पहले की तरह नियमित सेवाएं मिलती रहेंगी और इसके साथ ही तेज ट्रेनों का विकल्प भी उपलब्ध होगा.
रोजाना 1.1 लाख यात्री कर रहे सफर
एनसीआरटीसी के अनुसार, दिल्लीमेरठ कॉरिडोर पर रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं. इस कॉरिडोर पर अब तक कुल पांच करोड़ यात्राओं का आंकड़ा पार हो चुका है. पिछले तीन महीनों में हर महीने औसतन 32 लाख से ज्यादा यात्रियों ने नमो भारत ट्रेन का इस्तेमाल किया है.
एनसीआरटीसी का कहना है कि दिल्लीएनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए भी अतिरिक्त ट्रेनें शुरू की जा रही हैं. इसका उद्देश्य लोगों को निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि सड़कों पर गाड़ियों की संख्या और ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके. यात्रियों को सलाह दी गई है कि ट्रेन में चढ़ने से पहले स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड और अनाउंसमेंट जरूर देखें, ताकि तेज और नियमित ट्रेनों के बीच अंतर समझ सकें.



