भारत और नेपाल के दो बड़े धार्मिक स्थलों को रेल से जोड़ने की रेलवे ने मंजूरी दी है. रेलवे ने अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच एक सप्ताहिक ट्रेन चलाने जा रहा है. माना जा रहा है कि इस ट्रेन के चलने से जहां एक और यात्रियों को सुविधा मिलेगी, वहीं धार्मिक यात्रा करने वाले लोगों की संख्या में इजाफा होगा. यह ट्रेन यूपी सहित बिहार राज्य के कई शहरों से होकर गुजरेगी.

भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए रेलवे ने एक बड़ा फैसला लिया है. भारतीय रेलवे ने नेपाल के जनकपुर धाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी है. इस ट्रेन से भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम सीधे रेल मार्ग से जुड़ जाएंगे. इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं और यात्रियों को आनेजाने में आसानी होगी.
कब रवाना होगी ट्रेन?
यह ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. रास्ते में बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों और स्टेशनों पर रुकेगी. ट्रेन के प्रमुख ठहराव जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम होंगे. रेलवे के मुताबिक, इस ट्रेन का परिचालन सप्ताह में एक दिन होगा. ट्रेन का संचालन जनकपुर धाम से हर शनिवार को होगा, वहीं अयोध्या कैंट से हर सोमवार को ट्रेन रवाना होगी.
इस ट्रेन के शुरू होने से अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच धार्मिक यात्राएं आसान होंगी. रामायण से जुड़े धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा शिक्षा, कारोबार और परिवार से जुड़े कामों के लिए भारत और नेपाल के बीच यात्रा करने वाले लोगों को भी फायदा होगा.
किन लोगों को होगा फायदा?
रेलवे के मुताबिक, इस ट्रेन से रास्ते में पड़ने वाले शहरों और सीमावर्ती इलाकों में पर्यटन, होटल, स्थानीय दुकानदारों और पारंपरिक कारीगरों को भी फायदा मिल सकता है. भारत और नेपाल के बीच पुराने सांस्कृतिक और सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में भी इसे एक अहम कदम माना जा रहा है.



