PPF for Child:बच्चों की अच्छी पढ़ाई या उनके सुरक्षित भविष्य के लिए पैसों का इंतजाम करना हर मातापिता की सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है. शेयर बाजार से जुड़े विकल्पों से अलग सरकार समर्थित पीपीएफ आज भी लंबे समय में पैसा बनाने के लिए सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है. अगर आप सही समय पर शुरुआत करते हैं, तो छोटीछोटी बचत भी आने वाले समय में एक बड़ा फंड बन सकती है.

मातापिता या कानूनी अभिभावक अपने बच्चे के नाम पर बेहद आसानी से पीपीएफ खाता खुलवा सकते हैं. हालांकि एक जरूरी नियम का ध्यान रखना पड़ता है. आपके खुद के पीपीएफ खाते के साथ बच्चे के खाते को मिलाकर सालाना जमा राशि 1.5 लाख रुपये की सीमा से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.
5000 रुपये की बचत से कैसे बनेगा 16 लाख का फंड?
अगर आप अपने बच्चे के भविष्य के लिए हर महीने 5,000 रुपये की बचत करते हैं, तो ये रकम सालभर में 60,000 रुपये होती है. इस स्कीम की कुल निवेश अवधि 15 साल तय है. इस हिसाब से 15 साल में आपकी जेब से कुल 9 लाख रुपये का मूलधन जमा होगा.
मौजूदा समय में इस स्कीम पर 7.1 प्रतिशत सालाना चक्रवृद्धि ब्याज मिल रहा है. 15 साल पूरे होने के बाद ये निवेश बढ़कर लगभग 16.3 लाख रुपये हो जाएगा. खास बात ये है कि इसमें 7 लाख रुपये से ज्यादा की रकम सिर्फ ब्याज से तैयार होगी.
कंपाउंडिंग की ताकत से बढ़ता है पैसा
छोटी उम्र से बचत शुरू करने का सबसे बड़ा फायदा कंपाउंडिंग यानी चक्रवृद्धि ब्याज का मिलता है. जब आप बच्चे के छोटे होने पर ही निवेश शुरू कर देते हैं, तो हर साल मिलने वाले ब्याज पर भी ब्याज जुड़ने लगता है. इसी वजह से आपका छोटा योगदान भी लंबे समय में एक बड़ा फंड बन जाता है.
नियमों के मुताबिक बच्चे का पीपीएफ खाता 15 साल पूरे होने पर बंद करना जरूरी नहीं है. अगर आपको उस समय पैसों की तुरंत जरूरत नहीं है, तो आप नए निवेश के साथ इस खाते को 55 साल के ब्लॉक में आगे भी बढ़ा सकते हैं.
निवेश के हर स्तर पर मिलती है टैक्स छूट
पीपीएफ निवेश की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसमें निवेश के हर चरण पर टैक्स छूट का फायदा मिलता है. आयकर की धारा 80C के तहत जमा रकम पर डिडक्शन मिलता है. इसके अलावा हर साल जुड़ने वाला ब्याज भी टैक्स के दायरे में नहीं आता है. मेच्योरिटी पर मिलने वाली पूरी रकम भी एकदम टैक्सफ्री होती है.
पैसा लगाने से पहले जान लें इसकी कमियां
पूरी सुरक्षा व गारंटीड रिटर्न के बावजूद पीपीएफ हर छोटी जरूरत के लिए सही नहीं है. इस स्कीम में 15 साल का कड़ा लॉकइन पीरियड होता है. साथ ही बीच में पैसे निकालने को लेकर भी काफी सख्त शर्तें हैं. ऐसे में जिन मातापिता को अगले 3 से 4 साल के भीतर पैसों की जरूरत पड़ने वाली है, उन्हें इस स्कीम की जगह दूसरे लचीले विकल्पों की तलाश करनी चाहिए.



