छठ पूजा के मद्देनजर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 15 और 16 नवंबर को दो दिनों तक यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा. श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है. ऐसे में इन दो दिनों में दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की ओर आनेजाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले निर्धारित वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर कर लें.

दरअसल, छठ पूजा के अवसर पर यमुना नदी के कालिंदी कुंज, हिंडन नदी पुल कुलेसरा, चोटपुर/बहलोलपुर सेक्टर63 और नोएडा स्टेडियम सेक्टर21ए में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए इन स्थानों के आसपास यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा. इस दौरान जरूरत के अनुसार भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का भी डायवर्जन किया जाएगा.
इन रास्तों पर लागू रहेगा डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नोएडाग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से कालिंदी बॉर्डर होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर डायवर्ट किया जाएगा. यहां से वाहन डीएनडी और चिल्ला मार्ग के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे. वहीं, सेक्टर37 से कालिंदी बॉर्डर की ओर जाने वाले वाहनों को महामाया फ्लाईओवर से दलित प्रेरणा स्थल की तरफ भेजा जाएगा. इसके बाद वाहन डीएनडी और चिल्ला होकर दिल्ली जा सकेंगे.
सूरजपुर से कुलेसरा और फेस2 की ओर जाने वाले यातायात को कच्ची सड़क तिराहा से चौगानपुर गोलचक्कर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा. वाहन बिसरख गोलचक्कर होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे. फेस2 से हिंडन नदी की ओर जाने वाले वाहनों को ककराला की तरफ भेजा जाएगा. ये वाहन सोरखा और बिसरख होकर जा सकेंगे.
इसी तरह किसान चौक से पर्थला जाने वाले वाहनों को बिसरख की ओर डायवर्ट किया जाएगा. यहां से सोरखा होकर पर्थला पहुंच सकेंगे. जबकि पर्थला से किसान चौक जाने वाले वाहनों को पर्थला गोलचक्कर से सोरखा की तरफ भेजा जाएगा. इसके बाद वाहन बिसरख होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे.
एंबुलेंस और फायर सर्विस वाहनों को मिलेगी छूट
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस, फायर सर्विस और अन्य आपातकालीन वाहनों को आवश्यकतानुसार सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें. ट्रैफिक संबंधी किसी भी असुविधा या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9971009001 और 7065100100 पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा एक्स हैंडल @noidatraffic पर भी यातायात से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है.



