उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव2027 की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है. विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण2027 के तहत 17 नवंबर को प्रदेश की आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन कराने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. उन्होंने निर्देश दिए कि पुनरीक्षण अभियान में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और आरडब्ल्यूए के सहयोग से व्यापक अभियान चलाया जाए.
राजनीतिक दलों को भी मिलेगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
17 नवंबर को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची की प्रतियां मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएंगी. बूथ लेवल अधिकारी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ बैठक कर सूची की जांच करेंगे. मतदाताओं की सुविधा के लिए ड्राफ्ट सूची जिला निर्वाचन अधिकारियों की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएगी, जहां से कोई भी व्यक्ति इसे देख और डाउनलोड कर सकेगा.
खास बात यह है कि दावे और आपत्तियों के दौरान प्राप्त होने वाले फॉर्म9, 10, 11, 11ए और 11बी का विवरण प्रतिदिन वेबसाइट पर अपलोड करना होगा. इसके अलावा ईआरओ हर सप्ताह राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर दावे और आपत्तियों की संकलित सूची उपलब्ध कराएंगे. इससे मतदाता सूची में होने वाले बदलावों पर निगरानी रखी जा सकेगी.
1.73 लाख बूथों पर चार दिन विशेष अभियान
मतदाता पंजीकरण को गति देने के लिए प्रदेश के सभी 1,73,730 मतदेय स्थलों पर चार दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा इसके तहत 2122 नवंबर और 2829 नवंबर को बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे। सभी बूथों पर हेल्प डेस्क बनाने और पेयजल सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला और विधानसभा स्तर पर सार्वजनिक स्थानों पर भी अतिरिक्त हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे, जहां मतदाता पंजीकरण से जुड़े फॉर्म उपलब्ध रहेंगे.
18 साल पूरे करने वाले युवाओं को भी मौका
पुनरीक्षण के तहत एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे. इसके अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ऐसे सभी संभावित युवा मतदाताओं की पहचान कर उनके आवेदन भरवाने के निर्देश दिए हैं.
BLO से लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी तक होगी निगरानी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पुनरीक्षण अभियान में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की है. ईआरओ और एईआरओ बीएलओ तथा बीएलओ सुपरवाइजर के कामकाज की निगरानी करेंगे, जबकि जिला निर्वाचन अधिकारी ईआरओ और एईआरओ के कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगे. इसके साथ ही आवेदन जमा करने के लिए निर्धारित केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारियों की नियुक्ति समय से करने और उनके अनुपस्थित रहने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं.



