उत्तर प्रदेश के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के दो पोतों, राज्य मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की भव्य सगाई शनिवार को अलीगढ़ में संपन्न हुई. यह शानदार आयोजन 100 बीघे के विशाल मैदान में हुआ, जिसे किसी शाही महल की तरह सजाया गया था और वहां महल जैसे चार बड़े पंडाल लगाए गए थे. इसके अलावा, 1,000 रसोइयों की मदद से 1,50,000 लोगों के लिए भोजन का इंतजाम भी किया गया था.

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पोते और उत्तर प्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह की सगाई मेघना चौधरी से हुई, जबकि उनके छोटे भाई सौरभ सिंह ने अंतरा त्यागी के साथ अपनी सगाई की रस्म पूरी की. इस आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तालानगरी में लगभग 100 बीघे में फैला एक विशाल परिसर तैयार किया गया था. यहां बड़े टेंट, कई मंच, VVIP मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्था, खानपान के लिए कई रसोईघर और अतिथियों के स्वागत के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे. मेहमानों के लिए 50 से 60 तरह के पकवान तैयार किए गए थे.
VVIP मेहमानों की मौजूदगी थी बड़ी चुनौती
इतने बड़े स्तर के कार्यक्रम में सुरक्षा सुनिश्चित करना एक बड़ी चुनौती थी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई VVIP मेहमानों की मौजूदगी को देखते हुए, पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर रहे. कार्यक्रम स्थल के मुख्य प्रवेश द्वार पर कड़ी सुरक्षा जांच की गई, लोगों की जांच हुई, वाहनों की तलाशी ली गई और वैध पास की पुष्टि होने के बाद ही प्रवेश दिया गया. केवल अधिकृत कार पास वाले वाहनों को ही अंदर जाने की अनुमति थी. यहां तक कि परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों को भी सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा.
1000 से अधिक पुलिसकर्मी किए गए थे तैनात
VVIP प्रोटोकॉल के अनुसार, अलगअलग प्रवेश द्वार और एक विशेष पंडाल की व्यवस्था की गई थी। खबरों के अनुसार, इस कार्यक्रम के लिए 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं।
अब 26 और 27 नवंबर को दिल्ली में होंगी शादियां
सगाई के बाद, दोनों भाइयों की शादी के कार्यक्रम दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे. बताया जा रहा है कि ये शादी के कार्यक्रम 26 और 27 नवंबर को दिल्ली के होटल ताज में होंगे. संदीप सिंह की शादी अलीगढ़ के एक कारोबारी परिवार में तय हुई है; उनकी होने वाली जीवनसाथी अभी दिल्लीNCR क्षेत्र में रहती हैं. सौरभ की शादी मुजफ्फरनगर के एक परिवार में तय हुई है. माना जा रहा है कि दिल्ली में होने वाले इन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता पहुंच सकते हैं.



