सैफई-इटावा : उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में तैनात एक चिकित्सक को ड्यूटी के दौरान फोन पर जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है.पीड़ित डॉक्टर ने थाना सैफई में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के अनुसार डॉ. विवेक चौधरी निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी इटावा, वर्तमान में विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर में चिकित्सक के पद पर तैनात हैं.उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार दोपहर वह ट्रामा सेंटर में ड्यूटी के दौरान मरीजों का इलाज कर रहे थे.इसी बीच उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, लेकिन मरीजों को देखने में व्यस्त होने के कारण वह फोन रिसीव नहीं कर सके.
कुछ देर बाद उसी नंबर से दोबारा कॉल आने पर जब उन्होंने फोन उठाया तो आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें अपमानित किया. इतना ही नहीं, आरोपी ने ड्यूटी खत्म होने के बाद इटावा जाते समय रास्ते में जान से मारने की धमकी भी दी.
डॉ. चौधरी के अनुसार, शुक्रवार शाम जब वह ड्यूटी समाप्त कर कार से सैफई से इटावा जा रहे थे, तब रास्ते में एक कार सवार व्यक्ति ने उनकी गाड़ी रोकने का प्रयास भी किया था.उस समय उन्होंने इसे सामान्य घटना मानकर अनदेखा कर दिया था, लेकिन अगले दिन फोन पर मिली धमकी के बाद उन्हें आशंका है कि वही व्यक्ति इस घटना में शामिल हो सकता है.
तहरीर में बताया गया है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम राहुल यादव निवासी बिहारी भटपुरा थाना सैफई बताया है.पीड़ित डॉक्टर ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
इस संबंध में थाना सैफई के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने बताया कि डॉक्टर की तहरीर प्राप्त हो गई है.मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



