
जलालाबाद, फाजिल्का, पंजाब: पंजाब के फाजिल्का जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। दोनों मोटरसाइकिल पर सवार थे। तलाशी के दौरान उनके पास से दो अवैध पिस्तौल बरामद हुईं। पुलिस ने मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को इंस्पेक्टर अंग्रेज कुमार की निगरानी में एएसआई बूटा सिंह पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुल सुआ से आगे कालू वाला-काहने वाला रोड पर एक मोटरसाइकिल पर सवार महिला और पुरुष को संदेह के आधार पर रोका गया।
पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो उनके पास से दो पिस्तौल बरामद हुईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरजंट सिंह उर्फ जुंटा (35) पुत्र गुलजार सिंह और परमजीत कौर (38) पत्नी गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। दोनों संतोख सिंह वाला गांव के निवासी बताए गए हैं।
दो पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से एक 30 बोर की जर्मनी निर्मित पिस्तौल और दूसरी 30 बोर की P*5 स्टॉर्म पिस्तौल बरामद की गई है। इसके अलावा उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
इस मामले में थाना सदर जलालाबाद में 12 नवंबर 2026 को केस नंबर 259 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी ये हथियार कहां से लेकर आए थे और इनके पीछे उनका क्या मकसद था। साथ ही उनके पुराने और संभावित संपर्कों की भी जांच की जा रही है।



