CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

जालौन में पूर्व बीडीसी सदस्य​​​​​ की खौफनाक हत्या, पहले ट्रैक्टर से कुचला फिर फावड़े से किया हमला; पुरानी रंजिश का शक

जालौन में पूर्व बीडीसी सदस्य​​​​​ की खौफनाक हत्या, पहले ट्रैक्टर से कुचला फिर फावड़े से किया हमला; पुरानी रंजिश का शक

जालौन, उत्तर प्रदेश: जालौन कोतवाली क्षेत्र के कुसमरा गांव में शनिवार शाम पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) राजेश श्रीवास की बेरहमी से हत्या कर दी गई। खेत से बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे राजेश पर पहले ट्रैक्टर से टक्कर मारी गई। इसके बाद सिर पर फावड़े से कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गए।

रास्ते में ट्रैक्टर से मारी टक्कर, फिर फावड़े से हमला

जानकारी के मुताबिक, 42 वर्षीय राजेश श्रीवास शनिवार शाम करीब चार बजे अपनी बुलेट बाइक से खेत से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कथित तौर पर एक ठेकेदार ने पीछे से उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इसके बाद आरोपी ने ट्रैक्टर आगे रोककर देखा कि राजेश की मौत हुई है या नहीं।

बताया गया है कि राजेश के जीवित होने पर आरोपी ने फावड़े से उनके सिर पर कई वार कर दिए। इसी हमले में उनकी जान चली गई। घटनास्थल पर ग्रामीणों को आता देख आरोपी अपने साथियों के साथ भाग निकला।

छह महीने पहले दर्ज कराया था पॉक्सो का मुकदमा

राजेश श्रीवास खेती करने के साथ राजनीति में भी सक्रिय थे। वर्ष 2016 में वह समाजवादी पार्टी की ओर से बीडीसी सदस्य चुने गए थे। बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले गांव की एक किशोरी की शिकायत पर उन्होंने एक ठेकेदार के बेटे के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में आरोपी युवक को जेल भेजा गया था।

पुलिस को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते राजेश की हत्या की गई। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मौके से फावड़ा बरामद, पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलने पर सीओ अजय सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर चंद और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव के पास से फावड़ा बरामद किया है। फिलहाल मृतक की पत्नी उमा की ओर से शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राजेश अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध जानकारी और पुलिस के शुरुआती बयान पर आधारित है। हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply