CrimeIndia

सहारनपुर: कोर्ट में चल रहा था विवाद, फिर भी गिरा दिया मकान, CM से की कार्रवाई की मांग

सहारनपुर: सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र के धोबी घाट इलाके में दो मंजिला मकान गिरने के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है.

पीड़िता नूतन सड़ना ने आरोप लगाया है कि उनका मकान अचानक नहीं गिरा, बल्कि कुछ लोगों ने पहले से साजिश रचकर इसे जबरन गिराया है.

पीड़िता का कहना है कि इस मकान को होली की छुट्टियों के दौरान अंदर से ग्राइंडर मशीन से काटकर गिराया गया. उनका आरोप है कि यह पूरा घटनाक्रम पहले से प्री-प्लान था। नूतन सड़ना के मुताबिक इस मकान को लेकर पहले से कोर्ट में विवाद चल रहा है, ऐसे में कोर्ट के फैसले का इंतजार किया जाना चाहिए था.

पीड़िता ने यह भी कहा कि कुछ लोग मकान को जर्जर और पुराना बताकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं, जबकि मकान ज्यादा पुराना नहीं था. उनका आरोप है कि अमन कुमार नाम के व्यक्ति द्वारा प्रॉपर्टी विवाद के चलते यह पूरी घटना कराई गई. नूतन सड़ना के अनुसार उन्होंने प्रॉपर्टी बेच दी थी, लेकिन उन्हें पूरा पैसा नहीं दिया गया और मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है. इसके बावजूद मकान को गिरा दिया गया, जो पूरी तरह गलत है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उनके साथ मारपीट भी की गई, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की.

उन्होंने बताया कि वह कई बार अधिकारियों के चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन कहीं से भी सुनवाई नहीं हो रही. नूतन सड़ना ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

उनका कहना है कि इस तरह की हरकतों से बड़ा हादसा भी हो सकता था, इसलिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होना बेहद जरूरी है.

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply