CrimeIndiaTrendingUttar Pradesh

चार दिन​​ से लापता तीन साल के मासूम का बंद खदान में मिला शव, शरीर पर मिले निशानों ने गहराया रहस्य

चार दिन​​ से लापता तीन साल के मासूम का बंद खदान में मिला शव, शरीर पर मिले निशानों ने गहराया रहस्य

सोनभद्र, उत्तर प्रदेश: चुर्क-गुर्मा नगर पंचायत की आदिवासी बस्ती से चार दिन पहले लापता हुए तीन वर्षीय बालक का शव रविवार सुबह एक बंद खदान में भरे पानी में उतराता मिला। मासूम की तलाश में जुटे परिजनों को जैसे ही यह खबर मिली, परिवार में चीख-पुकार मच गई। बच्चे के सिर और गर्दन पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बुधवार रात घर से लापता हुआ था विशाल

मृत बालक की पहचान वार्ड नंबर नौ स्थित गुर्मा आदिवासी बस्ती निवासी राम सिंह के तीन वर्षीय बेटे विशाल सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, विशाल बुधवार रात घर में सो रहा था। उसी रात वह अचानक लापता हो गया।

बताया गया कि घटना के समय उसकी मां मंजू देवी घर पर मौजूद नहीं थीं। दादी जमुना देवी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब चार बजे जब विशाल की मां घर लौटीं तो बच्चे के गायब होने की जानकारी मिली। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

बंद खदान के पानी में मिला मासूम का शव

विशाल के लापता होने के बाद से ही पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार सुबह कुछ लोग पूर्व सीमेंट फैक्टरी की बंद खदान की ओर गए। वहां पानी में एक बच्चे का शव उतराता दिखाई दिया।

लोगों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता और गुर्मा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पानी से बाहर निकलवाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

सिर और गर्दन पर चोट के निशान, हत्या की आशंका

पुलिस के अनुसार, बालक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। सिर और गर्दन पर चोट की चर्चा के बीच मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी ने बताया कि बच्चे की मौत के कारणों और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारण और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

परिवार में सबसे छोटा था विशाल

विशाल अपने माता-पिता के पांच बेटों और एक बेटी में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध मीडिया रिपोर्टों और पुलिस की शुरुआती जानकारी पर आधारित है। हत्या की आशंका की जांच जारी है। मौत के वास्तविक कारण और जिम्मेदार व्यक्ति की पुष्टि जांच तथा कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply