BusinessIndia

​टाटा ग्रुप के विवाद में रतन टाटा के भाई की एंट्री, नोएल टाटा के खिलाफ जाकर चंद्रशेखरन का किया समर्थन

Tata Sons Dispute: टाटा ग्रुप के कंट्रोल को लेकर चल रही खींचतान में अब एक नया मोड़ आ गया है. दिवंगत रतन टाटा के छोटे भाई जिमी नवल टाटा ने आखिरकार इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है. 85 साल के जिमी टाटा आमतौर पर लाइमलाइट से दूर पुणे में एक शांत जिंदगी जीते हैं. लेकिन अब उन्होंने ग्रुप के सबसे बड़े मुद्दों पर अपनी साफ राय रखी है. इकोनॉमिक्स टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जिमी टाटा ने टाटा संस के चेयरमैन के तौर पर एन चंद्रशेखरन को तीसरा कार्यकाल दिए जाने का समर्थन किया है. इसके साथ ही उन्होंने रिजर्व बैंक के उस नियम का भी साथ दिया है, जिसके तहत टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट कराना जरूरी है. जिमी टाटा का ये कदम सीधे तौर पर उनके सौतेले भाई नोएल टाटा के रुख के खिलाफ है.

​टाटा ग्रुप के विवाद में रतन टाटा के भाई की एंट्री, नोएल टाटा के खिलाफ जाकर चंद्रशेखरन का किया समर्थन

नोएल टाटा से अलग है जिमी की राय

टाटा ग्रुप में इस वक्त टाटा संस के बोर्ड व टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा के बीच कई मुद्दों पर टकराव चल रहा है. नोएल टाटा चाहते हैं कि टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग न हो. साथ ही वो चंद्रशेखरन को फिर से चेयरमैन बनाए जाने के भी खिलाफ हैं. ऐसे समय में जिमी टाटा का चंद्रशेखरन व लिस्टिंग के पक्ष में आना काफी मायने रखता है. जिमी टाटा ने एक साथी ट्रस्टी के साथ बातचीत में अपनी ये राय दर्ज कराई है. उस ट्रस्टी ने बाद में बाकी ट्रस्टियों को भी जिमी के विचारों की जानकारी दी.

सर रतन टाटा ट्रस्ट के सबसे पुराने ट्रस्टी

जिमी टाटा 1989 से सर रतन टाटा ट्रस्ट के ट्रस्टी हैं. वो इस ट्रस्ट के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले आजीवन ट्रस्टी हैं. इस ट्रस्ट में उनके अलावा सिर्फ नोएल टाटा व जहांगीर जहांगीर ही आजीवन ट्रस्टी हैं. पुणे में रहने वाले जहांगीर भी जिमी की तरह बेहद लोप्रोफाइल रहते हैं. इन दोनों ने आज तक ग्रुप के विवाद पर कभी खुलकर कुछ नहीं कहा था. जिमी टाटा बाई हीराबाई जमशेदजी टाटा नवसारी चैरिटेबल इंस्टीट्यूशन व सार्वजनिक सेवा ट्रस्ट के भी ट्रस्टी हैं. ये दोनों ट्रस्ट भी टाटा ट्रस्ट का ही हिस्सा हैं.

हजारों करोड़ की हिस्सेदारी, फिर भी बैठकों से दूरी

नोएल टाटा के बाद जिमी टाटा ही टाटा संस के दूसरे सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरधारक हैं. उनके पास कंपनी की 0.81 फीसदी हिस्सेदारी यानी 3,262 शेयर हैं. इन्वेस्टमेंट बैंकर्स के अनुमान के मुताबिक, इन शेयरों की कीमत 7,000 करोड़ से 10,000 करोड़ रुपये के बीच है. इतनी बड़ी हिस्सेदारी के बावजूद जिमी टाटा ट्रस्ट की बैठकों में शामिल होने या वोट डालने से दूर रहते हैं. हालांकि, वो ट्रस्टियों व बोर्ड मेंबर्स को चिट्ठियां लिखकर अपनी राय विस्तार से बताने के लिए जाने जाते रहे हैं. साल 2016 के एक इंटरव्यू में उन्होंने अखबार के रिपोर्टरों को ऐसी सैकड़ों चिट्ठियों की एक फाइल सौंपी थी. मुंबई के कोलाबा अपार्टमेंट को छोड़कर पुणे शिफ्ट होने के बाद उन्होंने ऐसी चिट्ठियां भेजीं या नहीं, ये साफ नहीं है. उन्हें आखिरी बार साल 2024 के अंत में रतन टाटा के अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रमों में देखा गया था. रतन टाटा ने अपनी वसीयत में परिवार के जुहू वाले बंगले का एक हिस्सा भी जिमी टाटा के नाम किया था.

ट्रस्ट के गिरते स्तर पर जताई चिंता

रतन टाटा के निधन के बाद से ट्रस्ट के भीतर जो मतभेद उभरे हैं, जिमी टाटा उन सभी घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रख रहे हैं. हालिया बातचीत में उन्होंने संस्थानों के गिरते स्तर पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि ट्रस्ट को उन्हीं सिद्धांतों व उद्देश्यों की तरफ वापस लौटना चाहिए, जिनके लिए इनकी स्थापना हुई थी. जिमी टाटा का ये भी मानना है कि ट्रस्ट के बोर्ड में टाटा परिवार के सिर्फ एक ही सदस्य को जगह मिलनी चाहिए. परिवार के कई सदस्यों को प्रभावशाली पदों पर नहीं बैठना चाहिए. उन्होंने साफ कहा कि ये संस्थान देश की सेवा व राष्ट्र निर्माण के लिए बनाए गए थे. इसलिए इनके कामकाज में परिवार के हितों के बजाय जनहित व परोपकार दिखना चाहिए. बता दें कि जिमी टाटा नवल टाटा व उनकी पहली पत्नी सूनी कमिश्नरिएट के छोटे बेटे हैं. वहीं, नोएल टाटा नवल टाटा व उनकी दूसरी पत्नी सिमोन डुनोयर के बेटे हैं.

लिस्टिंग का नियम और जिमी की राय का असर

टाटा संस में टाटा ट्रस्ट की कुल हिस्सेदारी करीब 66 फीसदी है. इसमें अकेले SRTT के पास 23.56 फीसदी हिस्सा है. इसलिए ग्रुप के भविष्य को लेकर होने वाले फैसलों में इस ट्रस्ट की भूमिका सबसे अहम है. आरबीआई ने टाटा संस को अपरलेयर एनबीएफसी की श्रेणी में रखा है. नियमों के मुताबिक, इस श्रेणी में आने के तीन साल के भीतर कंपनी को शेयर बाजार में लिस्ट होना पड़ता है. टाटा संस ने अपना कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी का रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने की अर्जी दी थी, जिसे आरबीआई ने खारिज कर दिया था. अब देखना ये है कि जिमी टाटा की इस राय का मौजूदा विवाद पर क्या तुरंत असर पड़ता है, क्योंकि जब तक वो SRTT की बैठकों में आकर वोट नहीं करते, तब तक स्थिति पूरी तरह साफ नहीं होगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply