
किडनी हमारे शरीर का एक बेहद महत्वपूर्ण अंग है। यह केवल फिल्टर की तरह ही काम नहीं करती, बल्कि शरीर के पूरे केमिकल बैलेंस को बनाए रखने के लिए भी जिम्मेदारी होती है। ऐसे में किडनी की खास देखभाल करने की जरूरत होती है। किडनी को ठीक रखने के लिए खान-पान पर खास ध्यान देने की जरूरत होती है। किडनी से जुड़ी किसी भी तरह की बीमारी गंभीर होती है। किडनी अगर डैमेज हो जाए तो व्यक्ति की मौत भी हो सकती है। ऐसे में कुछ खास चीजों को डाइट में शामिल कर आप अपनी किडनी को हेल्दी रख सकते हैं।
सुपरफूड्स जो किडनी के लिए अच्छे हैं
गोभी: इसमें विटामिन C, फोलेट और फाइबर भरपूर होता है। यह किडनी के लिए सुरक्षित है क्योंकि इसमें पोटेशियम और फास्फोरस कम होता है।
लाल अंगूर: इसमें ‘रेस्वेराट्रोल’होता है, जो किडनी की सूजन को कम करने और उन्हें डैमेज होने से बचाने में मदद करता है।
लहसुन: नमक की जगह लहसुन का उपयोग करें। यह न केवल स्वाद बढ़ाता है बल्कि सूजन और कोलेस्ट्रॉल को भी कम करता है।
अंडे की सफेदी: किडनी की समस्या होने पर उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन की ज़रूरत होती है, और अंडे की सफेदी इसमें सबसे सुरक्षित है क्योंकि इसमें फास्फोरस कम होता है।
मछली: इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड होता है, जो शरीर में सूजन को कम करता है।
इन बातों का रखें ध्यान
पानी की सही मात्रा: अगर आपको किडनी की गंभीर बीमारी नहीं है, तो खूब पानी पिएं ताकि पथरी न बने। लेकिन अगर डॉक्टर ने ‘फ्लुइड रेस्ट्रिक्शन’ कहा है, तो पानी माप कर पिएं।
नमक कम करें: ज्यादा नमक ब्लड प्रेशर बढ़ाता है, जो किडनी का सबसे बड़ा दुश्मन है।
प्रोटीन का संतुलन: बहुत अधिक प्रोटीन भी किडनी पर दबाव डाल सकता है। अपनी ज़रूरत के हिसाब से डॉक्टर से सलाह लें।
यदि आपको पहले से ही किडनी की कोई गंभीर बीमारी है, तो कोई भी डाइट शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर या नेफ्रोलॉजिस्ट से सलाह ज़रूर लें, क्योंकि हर मरीज़ की ज़रूरतें अलग होती हैं।



