IndiaUttar Pradesh

​कानपुर सिटी के राधिका अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, दो लोगों की मौत, 25 को बचाया

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में सोमवार तड़के एक भीषण अग्निकांड ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं. फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में सुबह करीब 4:30 बजे अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. जिस वक्त ये हादसा हुआ, उस समय अपार्टमेंट के ज्यादातर लोग गहरी नींद में सो रहे थे. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत व आसपास की गली धुएं के घने गुबार से भर गई. इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और एक किशोर की मौत हो गई, जबकि पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद इमारत में फंसे 20 से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

​कानपुर सिटी के राधिका अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, दो लोगों की मौत, 25 को बचाया

जानकारी के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे राधिका अपार्टमेंट में आग की लपटें और धुआं उठता देख लोगों ने शोर मचाना शुरू किया. आग इतनी तेजी से फैली कि अपार्टमेंट के भीतर खड़ी कई गाड़ियां और अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए. खासतौर पर बेसमेंट में रहने वाले लोगों के लिए धुएं और लपटों के बीच बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया था.

संकरी गली में जूझते रहे दमकल कर्मी, 25 लोगों का किया रेस्क्यू

सूचना मिलते ही फीलखाना थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. अपार्टमेंट तक पहुंचने वाली गली काफी संकरी होने के कारण दमकल कर्मियों को राहत व बचाव कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद पुलिस और अग्निशमन जवानों ने जान जोखिम में डालकर मोर्चा संभाले रखा और बिल्डिंग में फंसे करीब 20 से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

उर्सला अस्पताल में दो को मृत घोषित किया गया, दो का इलाज जारी

हादसे के बाद झुलसे और धुएं से अचेत हुए लोगों को तत्काल उर्सला अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. शुभम जैन ने बताया कि अग्निकांड के बाद कुल चार मरीजों को अस्पताल लाया गया था. इनमें 16 वर्षीय प्रांजल बाथम और 45 वर्षीय राखी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायल नीता और वैभव को अस्पताल में भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है.

घटनास्थल पर पहुंचे एसीपी कोतवाली अमित पांडे ने बताया कि आग लगने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस, फायर ब्रिगेड और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर जांच कर रही हैं कि आग कैसे शुरू हुई और इतनी तेजी से कैसे फैल गई. हादसे के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply