SEBI AI Guidelines: शेयर बाजार में आजकल हर तरफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की चर्चा है. ट्रेडिंग से लेकर मार्केट के हिसाबकिताब तक में इस नई तकनीक का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. लेकिन इस रफ्तार के साथ आम निवेशकों के पैसे की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. इसी बात को ध्यान में रखते हुए मार्केट रेगुलेटर SEBI अब एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है. सेबी चेयरमैन तुहिन कांता पांडे ने साफ किया है कि कैपिटल मार्केट में AI के जिम्मेदार इस्तेमाल के लिए जल्द ही विस्तृत गाइडलाइंस जारी की जाएंगी. रेगुलेटर का मकसद बिल्कुल साफ है कि बाजार में नई तकनीक का पूरा फायदा उठाया जाए, लेकिन इसके चक्कर में निवेशकों के हितों के साथ कोई समझौता न हो.

AI के इस्तेमाल पर तय होगी कंपनियों की जवाबदेही
नए नियमों के तहत बाजार में काम करने वाली कंपनियों को खुली छूट नहीं मिलेगी. तुहिन कांता पांडे के मुताबिक, सेबी AI के इस्तेमाल को लेकर कुछ जरूरी सुरक्षा उपाय तय करने जा रहा है. अब अगर कोई कंपनी शेयर बाजार से जुड़े कामों में AI का इस्तेमाल करती है, तो उसे इसकी पूरी जानकारी देनी होगी. इसके साथ ही किसी भी गड़बड़ी के लिए उसकी जवाबदेही भी तय की जाएगी. सबसे अहम बात ये है कि बाजार से जुड़े बड़े फैसलों में इंसानी निगरानी रखना अनिवार्य होगा. इसका सीधा मतलब ये है कि कोई भी कंपनी पूरी तरह मशीन या AI के भरोसे बड़े फैसले नहीं ले सकेगी. उन फैसलों में इंसान की भूमिका हर हाल में बनी रहेगी. इससे पहले जून 2025 में भी सेबी ने AI के अलावा मशीन लर्निंग के इस्तेमाल को लेकर बाजार से जुड़े लोगों से सुझाव मांगे थे.
साइबर हमलों के खिलाफ सेबी की सख्त तैयारी
तकनीक के बढ़ने के साथ ही बाजार में डिजिटल खतरे भी तेजी से बढ़े हैं. सेबी चेयरमैन ने इस बात पर चिंता जताई कि वित्तीय संस्थानों के अलावा क्रिप्टो प्लेटफॉर्म पर भी साइबर हमलों का खतरा लगातार बढ़ रहा है. इसके अलावा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के जरिए होने वाली डिजिटल धोखाधड़ी भी रेगुलेटर के लिए एक बड़ी सिरदर्दी बनी हुई है. इन्हीं खतरों से निपटने के लिए सेबी ने मई 2026 में एक खास व्यवस्था शुरू की थी. इसके तहत साइबर घटनाओं से निपटने के लिए एक व्यवस्थित रिपोर्टिंग सिस्टम लागू किया गया है. ये नया सिस्टम फाइनेंशियल स्टेबिलिटी बोर्ड के FIRE रिपोर्टिंग टेम्पलेट के हिसाब से काम करता है, ताकि किसी भी साइबर खतरे की तुरंत पहचान कर उस पर एक्शन लिया जा सके.
क्वांटम कंप्यूटिंग के खतरे से निपटने का प्लान
सेबी सिर्फ आज के खतरों को नहीं देख रहा, बल्कि आने वाले दशक की चुनौतियों की तैयारी भी अभी से कर रहा है. तुहिन कांता पांडे ने बताया कि भविष्य में क्वांटम कंप्यूटिंग से जुड़े जोखिम बाजार के लिए बड़ी मुसीबत बन सकते हैं. अनुमान है कि साल 2032 से 2035 के आसपास ये खतरे ज्यादा गंभीर हो सकते हैं. इससे बचने के लिए सेबी अभी से क्रिप्टोग्राफिक सिस्टम की एक पूरी लिस्ट तैयार कर रहा है. इस लिस्ट को बनाने का मकसद ये पता लगाना है कि अभी बाजार में कहांकहां एन्क्रिप्शन तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है. इससे सेबी को ये समझने में मदद मिलेगी कि भविष्य में किन जगहों पर डेटा या सिस्टम की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है.
स्टार्टअप्स के लिए शेयर बाजार से पैसा जुटाना होगा आसान
एक तरफ जहां सुरक्षा के नियम कड़े किए जा रहे हैं, वहीं नई कंपनियों को आगे बढ़ाने पर भी काम चल रहा है. सेबी देश के स्टार्टअप्स की शेयर बाजार में लिस्टिंग को आसान बनाने की तैयारी में है. इसके लिए फिलहाल इनोवेटर्स ग्रोथ प्लेटफॉर्म यानी IGP की समीक्षा की जा रही है. सेबी चाहता है कि नियमों को ऐसा बनाया जाए जिससे डीपटेक या बायोटेक क्षेत्र में काम करने वाली नई कंपनियों को मदद मिले. इस बदलाव के बाद ऐसी कंपनियों को अपने शुरुआती दौर में ही शेयर बाजार से पूंजी जुटाने का आसान मौका मिल सकेगा.



