Bijnor News: उत्तर प्रदेश की बिजनौर पुलिस ने महंगे शौक पूरे करने के लिए शराब की दुकानों को निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है. शनिवार देर रात हल्दौर पुलिस और स्वाट टीम के साथ हुई मुठभेड़ के बाद गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया. मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में गिरोह के सरगना के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पकड़े गए सभी आरोपी गाजियाबाद के रहने वाले हैं और इनका आपराधिक नेटवर्क उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश तक फैला हुआ था.

बिजनौर के ASP सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया पकड़े गए आरोपियों की पहचान गाजियाबाद के भोजपुर निवासी गिरोह के सरगना आस मोहम्मद उर्फ आशु, मोदीनगर निवासी कार्तिक शर्मा और ट्रोनिका सिटी निवासी अतुल त्यागी के रूप में हुई है. पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे अपने महंगे शौक और ऐशोआराम पूरे करने के लिए कार से अलगअलग जिलों में निकलते थे और गूगल मैप की मदद से सड़क किनारे या सुनसान इलाकों में स्थित शराब के ठेकों की लोकेशन तलाशते थे. इसके बाद रात के अंधेरे में शटर काटकर नकदी और महंगी ब्रांड की शराब की पेटियां व बोतलें चुराकर फरार हो जाते थे. हाल ही में इन्होंने हल्दौर और नजीबाबाद में भी चोरी की थी.
पुलिस पर फायरिंग करने पर सरगना के पैर में लगी गोली
शनिवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि गिरोह एक बार फिर वारदात की फिराक में बिजनौर आया है. हल्दौर पुलिस और स्वाट टीम ने कुम्हारपुरा नहर की पुलिया के पास घेराबंदी की. खुद को घिरा देख सफेद रंग की स्विफ्ट कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सरगना आस मोहम्मद पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद तीनों को दबोच लिया गया.
फर्जी नंबर प्लेट वाली स्विफ्ट कार और हथियार बरामद
बदमाशों के कब्जे से बरामद हुए सामान में, करीब 30,000 रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, एक चाकू, दुकान का शटर काटने वाला बोल्ट कटर, अन्य उपकरण और वारदात में प्रयुक्त सफेद स्विफ्ट कार, जिस पर पुलिस को चकमा देने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगी थी.
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह ने बिजनौर के अलावा मेरठ, आगरा, बुलंदशहर, गाजियाबाद और मध्य प्रदेश के शिवपुरी में भी इसी अंदाज में शराब के ठेकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है. सरगना आस मोहम्मद और उसके साथियों पर विभिन्न राज्यों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेज दिया है.



