CrimeIndia

​7 महीने का बकाया वेतन मांगना ड्राइवर को पड़ा भारी… अगवा कर सुनसान जगह ले गया मालिक, फिर जमकर पीटा

Karnataka News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां पानी के टैंकर चालक को अपनी ही मेहनत की कमाई यानी 7 महीने का बकाया वेतन मांगना इतना भारी पड़ गया कि उसके मालिक ने साथियों संग मिलकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया और कार में अगवा कर लिया. आरोपियों ने ड्राइवर के सिर पर रॉड से वार किया, उसे कार की डिक्की में बंद किया और सुनसान जगह ले जाकर बेरहमी से पीटा.

​7 महीने का बकाया वेतन मांगना ड्राइवर को पड़ा भारी… अगवा कर सुनसान जगह ले गया मालिक, फिर जमकर पीटा

हालांकि, आरोपियों के शराब के नशे में धुत होने का फायदा उठाकर चालक चतुराई से वहां से भाग निकला और सीधे थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई. जीवन बीमा नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मालिक श्रीनिवास समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

ढाई साल से चला रहा था टैंकर, 2 लाख रुपये बकाया होने पर छोड़ी थी नौकरी

पीड़ित युवक मोहन पिछले ढाई साल से आरोपी श्रीनिवास के यहां पानी के टैंकर चालक के रूप में काम कर रहा था. आरोप है कि श्रीनिवास पिछले 7 महीनों से उसे वेतन नहीं दे रहा था और करीब 2 लाख रुपये बकाया हो गए थे. वेतन न मिलने से तंग आकर मोहन ने डेढ़ महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी और जीवन बीमा नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत देने का फैसला किया. कुछ दिन पहले जब पुलिस ने शिकायत की जांच के लिए मोहन को थाने बुलाया, तो वह वहां जाने की तैयारी कर रहा था. इसी दौरान मालिक श्रीनिवास अपने तीन साथियों के साथ वहां आ पहुंचा. मोहन को लगा कि वे पैसे के लेनदेन पर बातचीत करने आए हैं, लेकिन आरोपियों ने अचानक पीछे से रॉड से उसके सिर पर हमला कर दिया और उसे जबरदस्ती कार में बिठाकर फरार हो गए.

डिक्की में ठूंसकर सुनसान जगह ले गए, मरा समझकर रेलवे ट्रैक के पास पीने लगे शराब

अपहरण के दौरान आरोपियों को शक हुआ कि कोई उनका पीछा कर रहा है. इस पर उन्होंने घायल मोहन को कार की डिक्की में ठूंस दिया और एक सुनसान जगह पर कार रोककर उस पर लाठियों व रॉड से बेरहमी से हमला किया. पिटाई के कारण मोहन बेहोश हो गया. मोहन को बेसुध देख आरोपियों को लगा कि शायद उसकी मौत हो गई है. इसके बाद उन्होंने कार को रेलवे ट्रैक के पास खड़ा किया और खुद बैठकर शराब पीने लगे. इसी बीच मोहन को होश आ गया. उसने आरोपियों के शराब के नशे में धुत होने का फायदा उठाया और चुपचाप वहां से भाग निकलने में कामयाब रहा. सीधे पुलिस स्टेशन पहुंचकर उसने पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई.

जीवन बीमा नगर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और मुख्य आरोपी मालिक श्रीनिवास तथा भुवन समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश जारी है. हमले में घायल मोहन अस्पताल में इलाज के बाद अब स्वस्थ है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply