BusinessIndia

​दूध, घी के बाद एनर्जी ड्रिंक पर भी FSSAI की सख्ती, क्या खतरे में आएगी रेड बुल?

भारत, ऑस्ट्रियाई कंपनी ‘रेड बुल’ के ड्रिंक में मौजूद इंडीग्रिएंट्स की जांच कर रहा है. एक आधिकारिक नोटिस के अनुसार, इस ड्रिंक पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ का लेबल लोगों को बहुत अधिक चीनी लेने के लिए प्रेरित कर सकता है. खाद्य सुरक्षा स्टैंडर्ड को लेकर रेगुलेटर की लड़ाई में यह एक नया मोड़ है. यह पहली बार है जब भारत ने एनर्जी ड्रिंक में मौजूद सामग्री को लेकर स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं जताई हैं और कंपनियों से सवाल पूछे हैं. यह विवाद जून में शुरू हुआ था और अब दिल्ली हाई कोर्ट में कानूनी चुनौती का रूप ले चुका है.

​दूध, घी के बाद एनर्जी ड्रिंक पर भी FSSAI की सख्ती, क्या खतरे में आएगी रेड बुल?

FSSAI ने रेड बुल को भेजा नोटिस

सोमवार को ‘फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ ने रेड बुल को एक गोपनीय नोटिस भेजा. इसमें ड्रिंक की ‘nutritional composition’ पर सवाल उठाते हुए कहा गया है कि इसमें मिलने वाली अधिकांश ऊर्जा, इसमें डाली गई भारी मात्रा में चीनी से आती है.

रॉयटर्स द्वारा देखे गए इस दस्तावेज में FSSAI ने कहा है कि, इस उत्पाद को ‘एनर्जी’ से जोड़कर पेश करने के आधार और प्रकृति को वैज्ञानिक और रेगुलेटरी लेवल पर साबित करने की जरूरत है.

नोटिस में रेड बुल को सात दिन का समय दिया गया है कि वे बताएं कि भारत सरकार उनके उत्पादों पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ लेबल लगाने पर रोक क्यों न लगाए. नोटिस के अनुसार, इस लेबल से “उपभोक्ताओं को गुमराह होने और बहुत अधिक चीनी का सेवन करने को बढ़ावा मिलने की संभावना है.” रेड बुल और FSSAI ने रॉयटर्स के टिप्पणी मांगने पर फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया है.

पहले मिली थी रा​हत

‘यूरोमॉनिटर’ के अनुसार, भारत का एनर्जी ड्रिंक बाजार 2028 तक 1.6 अरब डॉलर का हो जाएगा. यहां इसकी बिक्री सालाना 12.6% की दर से बढ़ रही है, जो अमेरिका और चीन की तुलना में कहीं अधिक तेज है. 2024 में भारत में रेड बुल का रेवेन्यू 130 मिलियन डॉलर रहा, जो चार साल पहले की कमाई से दोगुने से भी ज्यादा है.

हेल्थ एक्थ्सपर्ट को चिंता है कि एनर्जी ड्रिंक में बहुत अधिक मात्रा में चीनी, कैफीन और ‘टॉरिन’ होता है. टॉरिन एक प्रकार का अमीनो एसिड है, जिसके बारे में रिसर्च बताती है कि यह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का कारण बन सकता है. इंग्लैंड में अगले साल अप्रैल से 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए इन ड्रिंक्स पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा.

हाल के हफ्तों में, रेड बुल, पेप्सिको, मॉन्स्टर बेवरेज और रिलायंस कंज्यूमर ने ‘एनर्जी ड्रिंक’ लेबल पर प्रतिबंध लगाने वाले जून के आदेश को कोर्ट में चुनौती दी है. इन कंपनियों का कहना है कि इस सख्त कदम के बारे में उन्हें पहले से कोई सूचना नहीं दी गई थी. हालांकि, रेड बुल अदालत से एक अस्थायी रोक पाने में कामयाब रहा, जिससे वह “एनर्जी ड्रिंक” लेबल का इस्तेमाल जारी रख सका. वहीं, इसके प्रतिस्पर्धियों से कहा गया कि वे अपना मौजूदा स्टॉक बिक जाने के बाद इस लेबल का इस्तेमाल बंद कर दें.

एफएसएसएआई ने कोर्ट से समीक्षा करने को कहा

रॉयटर्स द्वारा देखी गई अक्टूबर की अदालती फाइलिंग के अनुसार, रेगुलेटर ने दिल्ली के जज से रेड बुल के फैसले की समीक्षा करने को कहा है. रेगुलेटर का तर्क है कि इससे कंपनी को अपने प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले “अनुचित व्यावसायिक लाभ” मिलता है. इस मामले की सुनवाई जनवरी में होगी.

अपने हालिया नोटिस में, FSSAI ने कहा कि रेड बुल के पेय पदार्थ पर एक सलाह दी गई है, जिसके अनुसार इस उत्पाद का सेवन एक दिन में 500 मिलीलीटर से अधिक नहीं करना चाहिए. रेगुलेटर का कहना है कि इससे कंज्यूमर्स में यह गलतफहमी पैदा हो सकती है कि इतनी मात्रा में इसका सेवन करना ठीक है.

रेगुलेटर ने कहा कि 100 मिलीलीटर में 11 ग्राम चीनी की मात्रा के हिसाब से, 500 मिलीलीटर उत्पाद का सेवन करने पर शरीर में लगभग 55 ग्राम चीनी जाएगी. यह मात्रा, आमतौर पर अनुशंसित 50 ग्राम की दैनिक सीमा से अधिक है.

यह नोटिस ऐसे समय में आया है जब रेगुलेटर पूरे देश में खाद्य सुरक्षा निरीक्षण तेज कर रहा है. इसके तहत खाद्य और पेय पदार्थों पर किए गए लेबलिंग दावों की जांच की जा रही है, साथ ही रेस्तरां चेन में साफसफाई की भी पड़ताल की जा रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply