इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल में एक बार फिर जय शाह का दबदबा देखने को मिला है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने जय शाह को लगातार दूसरी बार चेयरमैन नियुक्त कर दिया है. खास बात यह है कि उनके नाम पर किसी तरह का विरोध नहीं हुआ और उन्हें निर्विरोध दोबारा इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई. बाली में आयोजित ICC बोर्ड की बैठकों के दौरान निदेशकों की ओर से जय शाह के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर बोर्ड ने सर्वसम्मति से सहमति जताई.

इस फैसले से साफ है कि ICC बोर्ड को उनके नेतृत्व पर भरोसा है. अब उनके सामने वर्ल्ड क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और खेल के वैश्विक विस्तार को गति देने की चुनौती होगी. ICC बोर्ड का मानना है कि क्रिकेट इस समय बदलाव के अहम दौर से गुजर रहा है. ऐसे समय में नेतृत्व में निरंतरता बनाए रखना जरूरी है. क्रिकेट का दुनियाभर में विस्तार, नए दर्शकों को जोड़ना और खेल के व्यावसायिक विकास को आगे बढ़ाना ICC के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है.
इसके अलावा क्रिकेट लंबे समय बाद ओलंपिक खेलों में वापसी की तैयारी कर रहा है. लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी इस खेल के लिए एक बड़ा अवसर होगी. ICC आने वाले वर्षों के लिए प्रतियोगिताओं का विस्तारित कार्यक्रम भी तैयार कर चुका है, जिससे ज्यादा देशों को खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा.



