उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे की कवायद तेज हो गई है. गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर होने वाली अहम बैठक से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस की मांग और गठबंधन के फॉर्मूले पर बड़ा बयान दिया है. अखिलेश यादव के मुताबिक, कांग्रेस ने यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है.

अखिलेश यादव ने कहा कि अभी सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत शुरू नहीं हुई है, लेकिन INDIA गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा. दोनों दल एकदूसरे का सम्मान करते हुए सीटों का बंटवारा करेंगे. उन्होंने साफ किया कि गठबंधन में सबसे ज्यादा प्राथमिकता जीतने वाले उम्मीदवार को दी जाएगी. जिस सीट पर जिस दल का उम्मीदवार जीतने की स्थिति में होगा, उसे वहां से चुनाव लड़ाया जाएगा.
सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर बात
सपा प्रमुख का यह बयान ऐसे समय आया है, जब 17 नवंबर को सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत होनी है. कांग्रेस ने 181 विधानसभा सीटों की सूची सपा को सौंपी है. यह मांग यूपी की कुल 403 सीटों में से करीब 45 फीसदी हिस्सेदारी की है.
65 जिलों की 181 सीटों पर कांग्रेस की नजर
कांग्रेस की ओर से समाजवादी पार्टी को सौंपी गई सूची में 65 जिलों की 181 विधानसभा सीटें शामिल बताई जा रही हैं. इनमें 135 सामान्य, 45 अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट है. खास बात यह है कि कांग्रेस की सूची में कुछ ऐसी सीटें भी शामिल हैं, जहां फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक हैं.
2022 में कांग्रेस ने 2 सीट जीती थीं
2022 के विधानसभा चुनाव में इन 181 सीटों में से कांग्रेस केवल दो सीटें जीत पाई थी, जबकि 19 सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी. पार्टी ने रामपुर खास में 50.27 फीसदी और फरेंदा में 40.28 फीसदी वोट मिले थे. कांग्रेस ने जो 181 सीटें सपा से मांगी हैं, उनमें 169 सीटें ऐसी हैं जिसपर कांग्रेस 2022 में अपनी जमानत तक नहीं बचा पाई थी.कांग्रेस को 2022 की विधानसभा में कुल 2.5 फीसदी वोट मिले थे.



