उत्तर प्रदेश के जौनपुर में पारिवारिक जमीनी विवाद के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में दो भाइयों के बीच चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि इसी दौरान भतीजे ने स्कॉर्पियो गाड़ी से वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया. इस दर्दनाक घटना में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है.

बीचबचाव करने पहुंचे थे दर्जनों ग्रामीण
दरअसल, गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव में दो भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. विवाद बढ़ने पर गांव के दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच सुलहसमझौता कराने तथा मामले को शांत कराने का प्रयास करने लगे.
इसी दौरान आरोप है कि एक भतीजा स्कॉर्पियो लेकर मौके पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को गाड़ी से रौंद दिया. अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधरउधर भागने लगे. घटना के बाद मौके पर चीखपुकार मच गई.
चाची समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत
इस हादसे में मनोज यादव की पत्नी इंदू देवी और अमित यादव की मौत हो गई. मृतका इंदू देवी रिश्ते में आरोपी की चाची बताई जा रही हैं. वहीं, घटना में आठ अन्य लोग घायल हुए हैं.
8 घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी, 2 वाराणसी रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. गंभीर रूप से घायल दो लोगों को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया.
दो लोगों की मौत की पुष्टि
शहीद उमानाथ सिंह जिला अस्पताल के चिकित्सक मनोज सिंह ने घायलों के उपचार और उनकी चिकित्सकीय स्थिति को लेकर जानकारी दी. उन्होंने महिला समेत दो लोगों की मौत होने की पुष्टि की है.



