BusinessIndia

​एयर इंडिया एक्सप्रेस में बड़ा बदलाव, दीपक राजावत होंगे नए CEO, 1 दिसंबर से संभालेंगे पदभार

टाटा ग्रुप की एयरलाइन एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दीपक राजावत को अपना नया चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर नियुक्त किया है. वह 1 दिसंबर 2026 से इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे. फिलहाल वह एयरलाइन में चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर के पद पर काम कर रहे हैं. एयरलाइन के बोर्ड ने बुधवार को उनकी नियुक्ति की घोषणा की है.

​एयर इंडिया एक्सप्रेस में बड़ा बदलाव, दीपक राजावत होंगे नए CEO, 1 दिसंबर से संभालेंगे पदभार

दीपक राजावत को विमानन और वित्तीय क्षेत्र में 20 साल से ज्यादा का अनुभव है. एयर इंडिया एक्सप्रेस में आने से पहले वह विस्तारा एयरलाइन से जुड़े थे. वह विस्तारा की शुरुआत से ही कंपनी का हिस्सा रहे और उन्होंने कॉर्पोरेट प्लानिंग, विमानों की खरीद और वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभागों में काम किया. बाद में उन्हें विस्तारा का मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी बनाया गया.

कंपनी की कमाई बढ़ाने में निभाया रोल

इस पद पर रहते हुए दीपक राजावत ने कंपनी की कमाई बढ़ाने, नए रूट की योजना बनाने, टिकटों की बिक्री, मार्केटिंग और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने जैसे काम संभाले. उनके कार्यकाल में विस्तारा घरेलू बाजार हिस्सेदारी के मामले में देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन बनी. इसके अलावा, स्काईट्रैक्स की दुनिया की शीर्ष 20 एयरलाइंस की सूची में भी विस्तारा को जगह मिली थी.

एयर इंडिया एक्सप्रेस का फाइनेंस संभाल रहे थे राजावत

एयर इंडिया एक्सप्रेस में CFO रहते हुए राजावत ने कंपनी के वित्तीय कामकाज के साथसाथ उसके विस्तार और एयर इंडिया समूह में एकीकरण की प्रक्रिया में भी अहम भूमिका निभाई है. एयर इंडिया एक्सप्रेस के चेयरमैन निपुण अग्रवाल ने कहा कि राजावत के पास वित्तीय मामलों की अच्छी समझ के साथ व्यावसायिक अनुभव भी है. वहीं, राजावत ने कहा कि उनका ध्यान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और तकनीक की मदद से एयरलाइन को मजबूत बनाने पर रहेगा.

एयर इंडिया एक्सप्रेस का कितना बड़ा है नेटवर्क?

फिलहाल एयर इंडिया एक्सप्रेस रोजाना करीब 585 उड़ानें संचालित करती है. इसका नेटवर्क देश के 48 घरेलू और 17 अंतरराष्ट्रीय शहरों तक फैला हुआ है. कंपनी के बेड़े में बोइंग 737 और एयरबस A320 परिवार के कुल 108 विमान शामिल हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply