Telangana Crime News: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक बेहद चौंकाने वाला और अनोखा मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंधों में अनबन और दूरी के बाद एक युवती ने अपने पूर्व प्रेमी को डराने के लिए कथित तौर पर ChatGPT की मदद से पुलिस का फर्जी नोटिस तैयार कर लिया. शी टीम्स के नाम से बनाए गए इस फर्जी नोटिस को व्हाट्सएप के जरिए युवक को भेजा गया. मामले का खुलासा तब हुआ जब युवक असली समझकर शी टीम्स कार्यालय पहुंच गया. सैफबाद पुलिस ने युवती और उसकी मदद करने वाले एक युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक, कुकाटपल्ली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय थिरुनेश्वर वीरंकी की मुलाकात महिंद्रा विश्वविद्यालय की 24 वर्षीय छात्रा से हुई थी. दोनों के बीच जानपहचान प्यार में बदली और करीब पांच साल तक प्रेम संबंध रहे. आरोप है कि युवक ने शादी का वादा किया था, लेकिन पिछले एक साल से वह उससे दूरी बनाए हुए था और उसने सोशल मीडिया पर भी ब्लॉक कर दिया था. पुलिस जांच में सामने आया कि युवती इस स्थिति से बेहद परेशान थी और इसी वजह से उसने युवक को डराने का यह रास्ता अपनाया.
ChatGPT से तैयार किया फर्जी नोटिस, युवक को व्हाट्सएप पर भेजा
दूरी बना चुके युवक को डराने के इरादे से युवती ने शी टीम्स के नाम से एक फर्जी पुलिस नोटिस तैयार किया. जांच में पता चला कि इस नोटिस को बनाने के लिए चैटजीपीटी का इस्तेमाल किया गया था. इसके बाद हरि नामक व्यक्ति ने यह नोटिस पीड़ित युवक के व्हाट्सएप पर भेजा. नोटिस में लिखा था कि उसे पूछताछ के लिए शी टीम्स कार्यालय में उपस्थित होना है, जिसे युवक ने असली पुलिस नोटिस समझ लिया.
शी टीम्स कार्यालय पहुंचने पर खुला राज, सैफबाद पुलिस ने दर्ज किया केस
WhatsApp पर मिले नोटिस को सही मानकर थिरुनेश्वर पूछताछ के लिए शी टीम्स अधिकारियों के सामने पेश हुआ. जब अधिकारियों ने नोटिस की पड़ताल की, तो वह फर्जी पाया गया. इसके बाद शी टीम्स के एसआई वेंकटेश की शिकायत पर सैफबाद पुलिस स्टेशन में युवती और मामले में शामिल युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया. पुलिस ने इस मामले में धारा 204, 319 , 336 , 340 , 35 और आईटी एक्ट की धारा 66 व 66 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साथ ही पुलिस ने एआई टूल्स का उपयोग कर फर्जी आधिकारिक दस्तावेज बनाने के खिलाफ सख्त चेतावनी दी है.



