उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने मथुरा से अपने चुनावी अभियान को नया धार्मिक और सांस्कृतिक संदेश देने की कोशिश की है. पार्टी की दो दिवसीय बैठक के बाद राधेराधे, कमल खिला दे का नारा सामने आया. इसके जरिए BJP ने ब्रज की पहचान और अपनी चुनावी निशानी कमल को जोड़ने का संदेश दिया. पार्टी नेताओं ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का मुद्दा भी उठाया, लेकिन BJP के इस नारे पर समाजवादी पार्टी ने पलटवार किया है.

सपा सांसद डिंपल यादव और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि BJP का कमल मुरझा रहा है, इसलिए अब उसे खिलाने के लिए राधा रानी का नाम लिया जा रहा है. दरअसल, 16 और 17 नवंबर को मथुरा के परखम में BJP की दो दिवसीय बैठक हुई. इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए. बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और सरकारसंगठन के बीच तालमेल जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक के बाद पार्टी की ओर से राधेराधे, कमल खिला दे का नारा प्रमुखता से सामने आया.
प्रकाश पाल बोले ब्रज की संस्कृति से जुड़ा है नारा
BJP के राज्यसभा सांसद और ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने इस नारे के पीछे की वजह बताई. उनके मुताबिक, ब्रज क्षेत्र में लोग एकदूसरे का अभिवादन राधेराधे कहकर करते हैं… यह यहां की संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है… इसी स्थानीय पहचान को BJP के चुनाव चिह्न कमल के साथ जोड़कर राधेराधे, कमल खिला दे का नारा तैयार किया गया है. प्रकाश पाल ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर भी दावा किया. उन्होंने कहा कि देश के सनातनियों की इच्छा रही है कि अयोध्या, काशी और मथुरा में भव्य मंदिर बने… अयोध्या और काशी में मंदिर निर्माण हो चुका है, जबकि मथुरा बाकी है.
केशव मौर्य बोले अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी
प्रकाश पाल के मुताबिक, अगर BJP तीसरी बार उत्तर प्रदेश की सत्ता में आती है तो मथुरा में भव्य मंदिर का निर्माण भी BJP ही करवाएगी. मथुरा की बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठाया. बैठक के बाद उन्होंने कहा, अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है. उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए यह भी कहा था कि अगर वह कृष्ण भक्त हैं तो मथुरा में मंदिर निर्माण के लिए कारसेवक बनने की तैयारी करें. वहीं, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर कहा था कि आने वाले चुनावी घोषणा पत्र में सब कुछ पता चल जाएगा.
BJP ने दूसरे नारों पर भी किया मंथन
मथुरा की बैठक में सिर्फ एक नारे पर चर्चा नहीं हुई. ब्रज की धार्मिक पहचान से जुड़े दूसरे नारों पर भी विचार किया गया. इनमें अबकी बारी बांके बिहारी और जो हमारे श्याम का नहीं, वह किसी काम का नहीं जैसे नारे शामिल हैं. BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी बैठक के दौरान राधेराधे, कमल खिला दे का जिक्र किया. पार्टी ने अपने आधिकारिक X अकाउंट से लिखा, हमने किया जय श्रीराम, हम ही करेंगे राधेराधे. BJP ने आगे कहा कि जय श्रीराम से राधेराधे तक 2027 में पूरे उत्तर प्रदेश में कमल खिलाने का संकल्प है.
डिंपल यादव बोलीं कमल मुरझा रहा
BJP के नए नारे पर समाजवादी पार्टी ने जवाब दिया. मैनपुरी के बरनाहल में एक विवाह समारोह में पहुंचीं सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि BJP का कमल मुरझा रहा है, इसलिए अब फूल खिलाने के लिए राधा मां का नाम लिया जा रहा है. डिंपल यादव ने BJP पर धर्म के नाम पर वोट मांगने और धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया. उन्होंने अयोध्या में जमीनों की खरीदफरोख्त और राम मंदिर के चंदे में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया. डिंपल ने कहा कि प्रमाण होने के बावजूद संबंधित लोगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का चंदा लूटने वाले अब मथुरावृंदावन जाकर भगवान कृष्ण का चंदा लूटने की तैयारी कर रहे हैं.
अखिलेश यादव ने भी BJP के नारे पर कसा तंज
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी गोरखपुर में BJP के नए नारे पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि राधेराधे, कमल खिला दे नारे के जरिए BJP खुद स्वीकार कर रही है कि उसका कमल मुरझा गया है. अखिलेश ने नारे को BJP की राजनीतिक स्थिति से जोड़ते हुए निशाना साधा.



