प्रतापगढ़ पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है. अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन के लिए जाने को लेकर डिप्टी सीएम ने उन्हें श्रीकृष्ण जन्मभूमि जाने की नसीहत दी.

इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव श्रीकृष्ण जन्मभूमि जाएंगे तो वह भी उनके साथ चलेंगे. वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रतापगढ़ से भाजपा की ऐतिहासिक जीत का दावा भी किया.
सपा ने रामभक्तों पर चलवाई गोली मौर्य
बता दें कि मौर्य पूर्व सांसद संगमलाल गुप्ता के बेटे की मेहंदी रस्म में हिस्सा लेने प्रतापगढ़ पहुंचे है. डिप्टी सीएम ने सपा पर रामभक्तों पर गोली चलवाने और रामलला के मंदिर का विरोध करने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि रामभक्तों को रिझाने की कोशिश में अखिलेश लगे हैं, लेकिन रामभक्त उनके बहकावे में आने वाले नहीं हैं. वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा दावा किया.
फिर गरमाई प्रदेश की सियासत
उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ में भाजपा सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे बड़ी विजय हासिल करेगी. बाबा बागेश्वर की कथा को लेकर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के विरोध से प्रदेश में कथा, सत्संग और धार्मिक आयोजन रुकने वाले नहीं हैं. तीर्थस्थलों का विकास जारी रहेगा और गरीबों के लिए सरकार के काम भी प्रभावित नहीं होंगे.
साथ ही उन्होंने साफ कहा कि गुंडों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. फिलहाल केशव प्रसाद मौर्य के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर राम मंदिर, श्रीकृष्ण जन्मभूमि और धार्मिक आयोजनों को लेकर बयानबाजी तेज होने के आसार हैं.
सोशल मीडिया पर भी किया पोस्ट
केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. मौर्य ने एक्स पर लिखा, ‘हो सकता है कि सपा बहादुर अखिलेश यादव को याददाश्त का संकट हो. इसलिए उनको याद दिलाना बेहद जरूरी है कि उनकी वोट बैंक की राजनीति में रामभक्तों पर गोली, दंगों का आरोप, अपराधियों को संरक्षण, ध्वस्त व लंगड़ी कानून व्यवस्था, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति को उत्तर प्रदेश की जनता कतई भूली नहीं है.’
मौर्य ने कहा कि भारत मां को कथित तौर पर डायन और संविधान निर्माता भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को भूमाफिया बताने, जौहर विश्वविद्यालय के नाम पर जमीन कब्जाने और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों का सामना करने वाले मोहम्मद आजम खान का राजनीतिक बचाव करने वालों से जनता जवाब मांगने के लिए तैयार बैठी है.
उन्होंने लिखा, ‘आपके चचा आजम खान को सिर्फ जमानत मिली है. आरोपों से बरी नहीं हुए हैं. जमानत का मतलब बेगुनाही कदापि नहीं होता. यह तय है कि उत्तर प्रदेश की जनता गुंडाराज, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की वापसी नहीं चाहती. 2027 में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का हमारा संकल्प अटल है.’



