
बैतूल, मध्य प्रदेश: शराब की लत से छुटकारा पाने की उम्मीद में कुछ लोग एक ऐसी जगह पहुंचे थे, जहां उन्हें पौधे की जड़ से तैयार किया गया लाल रंग का तरल पदार्थ पिलाया जाता था। दावा किया गया था कि इसे पीने से शराब की आदत छूट सकती है। लेकिन इस नुस्खे को आजमाना कई लोगों के लिए जानलेवा साबित हुआ। तरल पदार्थ पीने के बाद सात लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिनमें से दो की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
यह घटना मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र के पाटाखेड़ा की थी। मृतकों की पहचान 34 वर्षीय रामकिशोर झाड़े और 22 वर्षीय संजय उइके के रूप में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यहां लोगों को शराब छुड़ाने के नाम पर एक पौधे की जड़ से तैयार किया गया घोल पिलाया जाता था।
बताया गया कि पौधे की जड़ को पानी में भिगोकर लाल रंग का तरल पदार्थ तैयार किया जाता था। बुधवार को भी कुछ लोग इसी उम्मीद से वहां पहुंचे थे कि इस नुस्खे से उन्हें शराब की आदत से छुटकारा मिल जाएगा। लेकिन इसे पीने के कुछ ही समय बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टियां होने लगीं और देखते ही देखते सात लोग इसकी चपेट में आ गए।
किसी ने एक तो किसी ने पीए थे दो गिलास
अस्पताल में भर्ती एक व्यक्ति मोहन अमरुते ने बताया कि शराब छोड़ने की उम्मीद में वहां कई लोग पहुंचे थे। कुछ लोगों ने एक गिलास तरल पदार्थ पिया, जबकि दो लोगों ने दो-दो गिलास पी लिए थे। इसे पीने के बाद लोगों को उल्टियां होने लगीं। हालांकि, कितनी मात्रा में पदार्थ पीने से किसकी हालत कितनी बिगड़ी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। बैतूल के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे के मुताबिक, ओझा परते, शरद कवड़े और रमेश उइके के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान मौके से पौधे की जड़ का चूरा और लाल रंग का तरल पदार्थ भी जब्त किया गया। पुलिस ने इन नमूनों को जांच के लिए भेजने की तैयारी की, ताकि पता लगाया जा सके कि उस घोल में कौन-कौन से तत्व मौजूद थे।
जांच रिपोर्ट से खुलेगा मौतों का राज
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही खड़ा हुआ कि आखिर पौधे की जड़ से तैयार किए गए उस लाल रंग के घोल में ऐसा क्या था, जिसके सेवन के बाद दो लोगों की जान चली गई और पांच अन्य बीमार पड़ गए। क्या उसमें कोई जहरीला तत्व मौजूद था या फिर उसकी मात्रा अधिक होने के कारण लोगों की तबीय



