Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 साल के बेटे आर्यवर्धन की मौत के मामले में पुलिस ने छह नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. यह कार्रवाई मृतक के पिता की तहरीर पर एम्स थाना पुलिस ने की है. पुलिस ने हादसे में शामिल जेसीबी को भी कब्जे में ले लिया है. वहीं, इस घटना को लेकर सियासत भी तेज हो गई है. जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम करीब पांच बजे पीड़ित परिवार से मिलने भाजपा नेता ओंकार सिंह के आवास पहुंच सकते हैं.

दरअसल, बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे झारखंडी आवास विकास कॉलोनी निवासी भाजपा नेता ओंकार सिंह का 14 साल के बेटा आर्यवर्धन अपनी बहन को लेने जा रहा था. इसी दौरान गोरखपुर एयरपोर्ट से निकलने वाले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर मौजूद लोगों ने आननफानन में उसे एम्स पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
6 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
मृतक केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था. बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. घटना से आक्रोशित परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम झारखंडी मोड़ पर गोरखपुरदेवरिया मार्ग जाम कर दिया. इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाबुझाकर जाम समाप्त कराया. मृतक के पिता ओंकार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
हादसे में 14 साल के बच्चे की मौत
इस मामले में एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि रोड शो के दौरान चल रही एक जेसीबी से एम्स थाना क्षेत्र में बाइक का एक्सीडेंट हुआ, जिसमें 14 साल के बच्चे की मौत हो गई. परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.वहीं, हादसे को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दुर्घटना के मामले में भाजपा शासन में किसी को भी झूठा फंसाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है और प्रशासन की ओर से कोई इंतजाम नहीं किए गए थे.
अब इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित गोरखपुर दौरे पर सबकी निगाहें टिकी हैं. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री शाम पांच बजे भाजपा नेता ओंकार सिंह के घर पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर सकते हैं. हालांकि, उनके कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.



