Amroha News: अमरोहा में हसनपुर पुलिस के खिलाफ अदालत ने बड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं. दलित महिला की शिकायत पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नसीमा खान ने मौजूदा सीओ पंकज त्यागी, तत्कालीन थाना प्रभारी राजेश तिवारी, इंस्पेक्टर संजय तोमर समेत 15 पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया है. महिला ने पुलिसकर्मियों पर उसके घर में जबरन रास्ता निकलवाने और घर में लगे CCTV कैमरे व DVR कब्जे में लेने का आरोप लगाया था.

पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद
पूरा मामला 20 सितंबर 2026 का है. हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव मंगरौली की रहने वाली दलित महिला रीना के मुताबिक, उसके पति रणवीर और जेठ धर्मपाल के बीच पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के बीच 20 सितंबर की शाम करीब चार बजे सीओ पंकज त्यागी, तत्कालीन इंस्पेक्टर राजेश तिवारी और कई महिला व पुरुष पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचे थे.
ये भी पढे़ं
दीवार तुड़वाकर जबरन रास्ता बनाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसके घर में लगे CCTV कैमरे और DVR उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिए. इसके बाद घर की दीवार तुड़वाकर उसके जेठ के पक्ष में जबरन रास्ता बनवा दिया गया. महिला ने पुलिस की इस कार्रवाई को गलत बताते हुए विरोध किया था.
रीना का यह भी दावा है कि इस मामले में क्षेत्रीय लेखपाल और कानूनगो ने जांच की थी. जांच में उसके घर के अंदर से रास्ता नहीं होने और जेठ के घर तक पहुंचने के लिए पीछे की तरफ से रास्ता होने की बात सामने आई थी. इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उसके घर में हस्तक्षेप किया और दीवार तुड़वाकर रास्ता निकलवा दिया.
न्याय के लिए अदालत पहुंची थी महिला
पीड़िता ने पुलिसकर्मियों पर मनमानी करने और उसके साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए अदालत में शिकायत दर्ज कराई थी. मामले की सुनवाई के बाद अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नसीमा खान ने पुलिस अधिकारियों समेत कुल 15 पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश दिए हैं.
अदालत के इस आदेश के बाद हसनपुर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. मौजूदा सीओ और तत्कालीन थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश से यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है.



