BusinessIndia

​फ्लैट मिलने तक बैंक नहीं कर सकेंगे कार्रवाई, घर खरीदारों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत

सुप्रीम कोर्ट ने बेंगलुरु के एक अधूरे हाउसिंग प्रोजेक्ट के करीब 4,500 घर खरीदारों को बड़ी राहत दी है. कोर्ट ने कहा है कि जब तक खरीदारों को उनके फ्लैट का कब्जा नहीं मिल जाता, तब तक उनके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जाएगी. इन खरीदारों ने बिल्डर को फ्लैट की कुल कीमत का करीब 95% भुगतान कर दिया है, लेकिन अभी तक उन्हें घर नहीं मिला है.

​फ्लैट मिलने तक बैंक नहीं कर सकेंगे कार्रवाई, घर खरीदारों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत

गुरुवार को मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहन की बेंच ने यह आदेश दिया. कोर्ट ने कहा कि खरीदार अपनी शिकायतों को लेकर कर्नाटक हाई कोर्ट या बेंगलुरु स्थित नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल का रुख कर सकते हैं.

बेंगलुरु का है मामला

यह मामला बेंगलुरु के GM Infinite Global Techies Town प्रोजेक्ट से जुड़ा है. इसे गुलाम मुस्तफा एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड ने बनाया है. कंपनी इस समय दिवालिया प्रक्रिया का सामना कर रही है. खरीदारों की ओर से कोर्ट में बताया गया कि करीब 4,500 लोगों ने फ्लैट की कीमत का लगभग 95% पैसा जमा कर दिया है. समझौते के मुताबिक, जनवरी 2022 तक फ्लैट का कब्जा मिल जाना चाहिए था. इसमें ज्यादा लगने वाला समय भी शामिल था. खरीदारों ने कोर्ट में याचिका दाखिल कर अपने निवेश की सुरक्षा, अधूरे फ्लैटों का निर्माण पूरा कराने और दिवालिया प्रक्रिया के दौरान बैंक की EMI से अस्थायी राहत देने की मांग की थी.

बिना घर मिले चुकानी पड़ रही EMI

याचिका के अनुसार, इस प्रोजेक्ट में तीन टावर A, B और C हैं. इनमें टावर C को ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट मिल चुका है और कुछ खरीदारों को कब्जा भी दिया गया है. वहीं, टावर A और B का निर्माण अभी अधूरा है. खरीदारों का कहना है कि घर नहीं मिलने के बावजूद उन्हें होम लोन की EMI चुकानी पड़ रही है. साथ ही, रहने के लिए किराया भी देना पड़ रहा है. इससे उन पर दोहरा आर्थिक बोझ पड़ रहा है.

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि खरीदार पहले ही घर की कीमत का बड़ा हिस्सा चुका चुके हैं. ऐसे में फ्लैट का कब्जा मिलने तक उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होनी चाहिए. कोर्ट ने यह भी कहा कि मामला कर्नाटक का है, इसलिए खरीदारों के लिए हाई कोर्ट या NCLT जाना उचित होगा. इसके बाद कोर्ट ने याचिका का निपटारा कर दिया.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply