Noida News: उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर50 स्थित पॉश सोसायटी द क्रिसेंट अपार्टमेंट में दो फ्लैटों के ताले तोड़कर करोड़ों रुपये की चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. थाना सेक्टर49 पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से सोनेचांदी के आभूषण, एक लाख रुपये नकद, चोरी में इस्तेमाल वैगनआर कार और ताले तोड़ने के औजार बरामद किए गए हैं. पुलिस ने एक आरोपी के बैंक खाते में घटना से संबंधित पांच लाख रुपये भी फ्रीज कराए हैं.

डीसीपी प्रीति यादव के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी वीरेंद्र उर्फ सोनू, सन्नी उर्फ सोनू और गोंडा निवासी जितेंद्र मौर्य उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है. तीनों को सेक्टर50 में मेघदूतम पार्क के सामने से गिरफ्तार किया गया. इनके पास से वारदात में इस्तेमाल कार और दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई हैं.
बंद मकानों और फ्लैटों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर बंद मकानों और फ्लैटों को निशाना बनाते थे. 11 और 12 अक्टूबर की रात बारिश के दौरान उन्होंने चोरी की योजना बनाई. इसके लिए वैगनआर कार से सेक्टर50 पहुंचे और कार की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगा ली. सोसायटी की रेकी करने के बाद दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए. इसके बाद फ्लैट नंबर बी502 और बी402 के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. इस दौरान एक आरोपी कार में बैठकर बाहर निगरानी करता रहा.
आरोपियों का चोरी करने का तरीका भी बेहद शातिराना था. वे जिस फ्लैट को निशाना बनाते थे, उसके आसपास के फ्लैटों की बाहर से कुंडी लगा देते थे, ताकि कोई बाहर निकलकर उन्हें पकड़ न सके. वारदात के समय वे मास्क और टोपी पहनते थे. चोरी के बाद सभी अलगअलग स्थानों पर चले जाते और कुछ दिन बाद सामान आपस में बांट लेते थे.
पुलिस ने 400 सीसीटीवी खंगाले
पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की थीं. जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. इसके अलावा घटनास्थल से मिले बीटीएस और सर्विलांस की मदद से करीब चार हजार मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया. हाईवे और जिले की सीमाओं पर लगे कैमरों की फुटेज भी जांची गई. इसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही.
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 100 ग्राम का पीली धातु का बिस्कुट, सोने का हार, दो ईयर रिंग, एक ब्रेसलेट, घड़ी, एक लाख रुपये नकद और करीब 1 किलो 900 ग्राम वजन की सफेद धातु की सिल्ली बरामद की है. इसके अलावा कटर, पेचकस, दो प्लास, छैनी, तीन टोपी, तीन जोड़ी दस्ताने और तीन मास्क भी मिले हैं. फिलहाल पुलिस गिरोह के फरार साथी की तलाश और चोरी के सामान के संबंध में आगे की जांच कर रही है.



