Bulandshahr/Delhi News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए ‘डीकंपनी’ से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को मुठभेड़ में मार गिराया है. नसीम पर हाल ही में 16 नवंबर को दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में एक युवक की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या करने का आरोप था. पुलिस को दिल्ली के इस हत्याकांड में उसकी लंबे समय से तलाश थी.

दिल्ली के हत्याकांड में वांटेड चल रहे नसीम दुर्रानी के बुलंदशहर में छिपे होने की सूचना पर दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और नोएडा एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी की. मुठभेड़ के दौरान नसीम और पुलिस टीम के बीच दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई. इस जवाबी कार्रवाई में नसीम दुर्रानी को कई गोलियां लगीं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस टीम उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
अंडरवर्ल्ड से था सीधा कनेक्शन: छोटा राजन को मारने की मिली थी सुपारी
जानकारी के मुताबिक, नसीम दुर्रानी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के गिरोह ‘डीकंपनी’ से जुड़ा था और छोटा शकील के लगातार संपर्क में रह चुका था. बताया जाता है कि साल 201617 के दौरान छोटा शकील ने नसीम दुर्रानी को तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन की हत्या करने की सुपारी भी दी थी. नसीम के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसे 25 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे.
16 नवंबर को दिल्ली में की थी समीर की बेरहमी से हत्या
जानकारी के अनुसार, नसीम दुर्रानी ने बीते 16 नवंबर को दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर समीर नामक युवक पर ताबड़तोड़ 15 से 20 गोलियां बरसाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं.



