हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी व्रत का विशेष महत्व माना जाता है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवउठनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा के बाद जागते हैं और इसी के साथ विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन माता तुलसी और भगवान शालिग्राम के विवाह की परंपरा निभाई जाती है। सनातन धर्म में तुलसी को सिर्फ एक पौधा नहीं, बल्कि देवी स्वरुप मानकर पूजा जाता है। भगवान विष्णु को तुलसी अत्यंत प्रिय है। इसी कारण से श्री विष्णु की पूजा तुलसी दल के बिना अधूरी मानी जाती है।
आज यानी 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराने से घर में सुखसमृद्धि बनीं रहती हैं। इसके साथ ही भगवान विष्णु की कृपा परिवार पर बनी रहती है।
तुलसी विवाह पौराणिक कथा
पौराणिक कथा के अनुसार, वृंदा नाम की एक परम पतिव्रता स्त्री थीं। उनका विवाह असुरराज जलंधर से हुआ था। वृंदा के पतिव्रत धर्म के प्रभाव से जलंधर अत्यंत शक्तिशाली हो गया था। देवता भी उसे पराजित नहीं कर पा रहे थे। तब भगवान विष्णु ने देवताओं की रक्षा के लिए जलंधर का वध करने की योजना बनाई। भगवान विष्णु ने जलंधर का रूप धारण कर वृंदा के पतिव्रत धर्म को खंडित कर दिया। इसके बाद भगवान शिव ने जलंधर का वध किया।
जब वृंदा को इस छल का पता चला तो उन्होंने भगवान विष्णु को पत्थर बन जाने का शाप दे दिया। देवताओं की प्रार्थना पर वृंदा ने अपना शाप वापस ले लिया, लेकिन स्वयं अग्नि में समर्पित हो गईं। उनकी राख से तुलसी का पौधा प्रकट हुआ। भगवान विष्णु ने वृंदा की भक्ति से प्रसन्न होकर उन्हें सदैव अपने प्रिय रहने का वरदान दिया। मान्यता है कि इसी कारण भगवान विष्णु की पूजा में तुलसी का विशेष महत्व है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी विवाह में माता तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप से कराया जाता है। शालिग्राम को भगवान विष्णु का प्रतीक माना जाता है। पौराणिक परंपरा में इस विवाह को वृंदा के प्रति भगवान विष्णु के वचन और सम्मान से भी जोड़कर देखा जाता है। इस दिन तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य प्राप्त होने की मान्यता है।
कब है तुलसी विवाह 2026?
वैदिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को तुलसी विवाह कराया जाता है। इस दिन माता तुलसी का विवाह भगवान शालिग्राम के साथ पूरे विधिविधान से किया जाता है। इस बार द्वादशी की तिथि 21 नवंबर 2026 को सुबह 06 बजकर 31 मिनट पर आरंभ होगी और 22 नवंबर 2026 को सुबह 04 बजकर 56 मिनट पर समाप्त होगी। ऐसे में उदया तिथि के अनुसार, तुलसी विवाह 21 नवंबर 2026, शनिवार के दिन किया जाएगा।
तुलसी विवाह की पूजा विधि
इस दिन सबसे पहले सुबह उठकर साफ वस्त्र धारण करें। तुलसी के पौधे के आसपास की जगह साफ करके रंगोली बनाएं और मंडप सजाएं। इसके बाद तुलसी के पौधे को लाल चुनरी, साड़ी, आभूषण और फूलों से सजाया जाता है। शलिग्राम को पीले वस्त्र पहनाकर तुलसी के पास स्थापित करें।
अब दोनों का तिलक करें और धूप, दीप, फल, फूल, मिठाई तथा नैवेद्य अर्पित करें। तुलसी और शालिग्राम के चारों ओर विवाह की रस्में निभाते हुए परिक्रमा करें। इसके बाद आरती करके विवाह संपन्न करें। इस खास मौके पर विवाह के मंगल गीत गाने की भी परंपरा है।
माता तुलसी का श्रृंगार ऐसे करें
इस दिन माता तुलसी को दुल्हन की तरह सजाया जाता है। सबसे पहले पौधे के आसपास की जगह को साफ कर लें और पवित्र जल छिड़के। अब माता तुलसी को लाल या पीले रंग की साड़ी और चुनरी पहनाएं। फिर चूड़ियां, नथनी, मांग टीका, हार, बिंदी और कंगन से उनका श्रृंगार करें। पूजा स्थल को रंगोली और दीपक से सजाएं। सभी तैयारियों को अच्छे से पूरा करें।



