उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त और अपडेट करने की कवायद तेज हो गई है. विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन कराने के लिए निर्वाचन आयोग अब विशेष अभियान चलाएगा. इसके तहत शनिवार 21 नवंबर और रविवार 22 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे. इन कैंपों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहेंगे.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि विशेष अभियान दिवसों का आयोजन 28 और 29 नवंबर को भी किया जाएगा. इन चारों दिनों में मतदाता अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम चेक कर सकेंगे. खास तौर पर उन पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल कराने पर जोर रहेगा, जो अब तक पंजीकरण से छूट गए हैं. इनमें युवा और महिला मतदाताओं को प्राथमिकता दी जाएगी.
बूथ पर मिलेगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, भर सकेंगे आवेदन
निर्वाचन विभाग के मुताबिक, सभी बूथों पर बीएलओ के पास 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी. नागरिक मौके पर ही अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकेंगे. नाम सूची में नहीं होने पर फॉर्म6 भरकर पंजीकरण कराया जा सकेगा. वहीं, मतदाता सूची में किसी तरह की गलती या प्रविष्टि में संशोधन के लिए फॉर्म8 के जरिए आवेदन किया जा सकेगा. इसके अलावा फॉर्म7 भी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेगा.
मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी सक्रिय रहेगी. किसी तरह की जानकारी या सहायता के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 भी उपलब्ध रहेगा.
युवाओं और महिलाओं को जोड़ने के लिए चलेगा प्रचार अभियान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विशेष अभियान दिवसों का व्यापक प्रचारप्रसार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे. इसके लिए राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों , पूर्व और वर्तमान ग्राम प्रधानों, पार्षदों तथा स्थानीय स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जाएगा. सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं.
अफसर करेंगे बूथों का निरीक्षण, BLO के काम की होगी जांच
विशेष अभियान को लेकर निर्वाचन विभाग ने प्रशासनिक निगरानी भी बढ़ा दी है. जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बूथों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे. मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी भी अलगअलग जिलों में जाकर स्थलीय निरीक्षण करेंगे और बीएलओ के काम की गुणवत्ता का आकलन करेंगे.



