IndiaUttar Pradesh

​कन्नौज: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, स्कूल बस में ट्रक ने मारी टक्कर, पिकनिक मनाने जा रहे 4 बच्चों की मौत, 20 घायल

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह आगरालखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां सड़क किनारे खड़ी स्कूली बच्चों से भरी बस में तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 बच्चे घायल हो गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूल बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद बस के अंदर बच्चों की चीखपुकार मच गई. घायलों को एंबुलेंस की मदद से राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.

​कन्नौज: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, स्कूल बस में ट्रक ने मारी टक्कर, पिकनिक मनाने जा रहे 4 बच्चों की मौत, 20 घायल

हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में आगरालखनऊ एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 210 के पास हुआ. बस कौशांबी के एक निजी स्कूल की थी. इसमें करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे. सभी बच्चे पिकनिक मनाने के लिए कौशांबी से कन्नौज जा रहे थे.

बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह बस जब एक्सप्रेसवे पर पहुंची तो चालक ने टॉयलेट जाने के लिए वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया. इसी दौरान आगरा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे आलू लदे ट्रक ने खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

बस के अंदर फंसे बच्चे, मची चीखपुकार

हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में अफरातफरी मच गई. कई बच्चे बस के अंदर फंस गए. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे. उन्होंने बच्चों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को घटना की सूचना दी.

सूचना मिलते ही ठठिया थाना पुलिस और कई एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान शुरू किया. बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 बच्चे घायल हुए हैं.

मेडिकल कॉलेज पहुंचे डीएम और एसपी

सभी घायलों को कन्नौज के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. वहां उनका इलाज चल रहा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने घायल बच्चों का हाल जाना और डॉक्टरों से उनके इलाज की जानकारी ली.

ट्रक में आलू लदे हुए थे और उसकी रफ्तार काफी तेज थी. खड़ी बस में टक्कर लगने के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया.

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. इस दुर्घटना ने बच्चों की सुरक्षा और एक्सप्रेसवे पर खड़े वाहनों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल घायल बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply