‘तोप का लाइसेंस मांगोगे तो तमंचा का मिल जाएगा…’ कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की डिमांड पर समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता आजम खान का यह बयान तो आपको याद ही होगा न… अब सपा ने भी यही फॉर्मूला अपनाया है… अगर देना तलवार हो तो पहले सुई दिखाओ… बात सुई से शुरू होगी तो रामपुरी चाकू या तलवार पर बन हो सकती है… सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का भेजा गया ऑफर यही कहानी बयां करता है.

दरअसल, दिल्ली में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की बातचीत जारी है. दोनों दलों के नेता लगातार बैठकें कर रहे हैं और विधानसभा की 403 सीटों पर चुनावी तालमेल बनाने की कोशिश में जुटे हैं. इस बीच सपा की ओर से कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की खबर पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इस प्रस्ताव की जानकारी होने से इनकार करते हुए कहा कि वह किसी से भीख नहीं मांग रहे हैं.
दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान जब इमरान मसूद से पूछा गया कि सपा ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिया है, तो उन्होंने कहा, ‘मुझे तो पता नहीं कब दे रही है, आपको पता होगा… मैं तो किसी से भीख नहीं मांग रहा हूं.’ इमरान मसूद ही वो नेता हैं, जो पहले दिन से कांग्रेस को अधिक से अधिक सीट मिलने का बयान दे रहे हैं. सपा पर हमलावर रहने वाले इमरान मसूद चाहते हैं कि यूपी में कांग्रेस को कम से कम 150 सीटें मिले.
रामगोपाल यादव ने 26 सीटों का प्रस्ताव देने की बात कही
सपा के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने मंगलवार को दूसरे दौर की बैठक से पहले कहा था कि पार्टी ने कांग्रेस को अपनी 26 सीटों की सूची दे दी है. उन्होंने कहा था कि पिछले दिन की बैठक में जो बातें होनी थीं, वे रख दी गई थीं और अब दोनों दल फिर बातचीत करेंगे. रामगोपाल यादव ने कहा, ‘जो कुछ बैठक में कहना था, वह हमने कल कह दिया था.. मैंने उन्हें अपनी 26 सीटें दे दी हैं और आज हम फिर बातचीत करने जा रहे हैं.’
2022 के चुनाव के प्रदर्शन के आधार पर तैयार हुई सूची
सपा की ओर से कांग्रेस को दिए गए 26 सीटों के प्रस्ताव में वे दो सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी. इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी. इन छह सीटों के अलावा 20 अन्य सीटें भी प्रस्ताव में शामिल बताई जा रही हैं. प्रस्तावित सूची में रामपुर खास, फरेंदा, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर, किदवई नगर, बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राममल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट सीटें शामिल बताई गई हैं.
कांग्रेस की मांग और सपा के प्रस्ताव में कितना अंतर?
सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत का अहम आधार जीतने की संभावना है. कांग्रेस की ओर से करीब 100 से 120 सीटों पर दावा किए जाने की खबरें सामने आई हैं. वहीं, सपा चाहती है कि कांग्रेस जिन सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, वहां अपनी जीत की संभावना और मजबूत उम्मीदवारों के बारे में जानकारी दे. सपा करीब 130 सीटों पर कांग्रेस से चुनावी स्थिति और जीत का फॉर्मूला जानना चाहती है. इसके आधार पर पार्टी तय करेगी कि किन सीटों पर कांग्रेस को मौका दिया जा सकता है और कहां सपा अपने उम्मीदवार उतारना चाहेगी.



