उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने भी अपनी चुनावी तैयारी शुरू कर दी है. पार्टी ने प्रदेश की 35 विधानसभा सीटों को चिह्नित किया है, जहां अपने उम्मीदवार उतारने की योजना बनाई जा रही है. प्रयागराज पहुंचे शिवसेना के राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिजीत अडसूळ ने इसकी जानकारी दी.

अभिजीत अडसूळ के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में शिवसेना का मुख्य चुनावी एजेंडा हिंदुत्व रहेगा.. महाराष्ट्र में उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन सरकार में है, लेकिन उत्तर प्रदेश में पार्टी अपनी राजनीतिक मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी कर रही है… हालांकि, यूपी में भी बीजेपी के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ना शिवसेना की प्राथमिकता है… गठबंधन नहीं होने की स्थिति में पार्टी अकेले चुनाव मैदान में उतर सकती है.
हिंदुत्व के एजेंडे पर चुनाव लड़ेगी शिवसेना
प्रयागराज में मीडिया से बातचीत के दौरान कैप्टन अभिजीत अडसूळ ने कहा कि शिवसेना उत्तर प्रदेश में हिंदुत्व के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी. पार्टी ने इसी एजेंडे के आधार पर 35 विधानसभा सीटों को चिह्नित किया है. इन सीटों पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी गतिविधियां बढ़ाने की तैयारी है. मथुरा के मुद्दे पर सवाल पूछे जाने पर अडसूळ ने कहा, ‘मथुरा बीजेपी का मुद्दा है, जबकि शिवसेना का मुद्दा हिंदुत्व है.’ उन्होंने कहा कि बीजेपी और शिवसेना अलगअलग राजनीतिक दल हैं और दोनों की अपनी राजनीतिक प्राथमिकताएं हैं.
BJP के साथ यूपी में भी गठबंधन की कोशिश
महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना बीजेपी के साथ गठबंधन में सरकार चला रही है. पार्टी उत्तर प्रदेश में भी इसी गठबंधन को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही है. हालांकि, अगर सीटों को लेकर सहमति नहीं बनती है तो शिवसेना अपने दम पर चुनाव लड़ने का विकल्प खुला रखेगी. फिलहाल पार्टी ने 35 विधानसभा सीटों को चिह्नित करने की बात कही है. इन सीटों पर उम्मीदवार उतारने की योजना है, लेकिन अंतिम सीटों और उम्मीदवारों को लेकर फैसला आगे की राजनीतिक बातचीत के बाद होगा.



