BusinessIndia

​RBI Stop Switch: ठगी का शक होते ही रोक सकेंगे लेनदेन, लेकिन एक्सपर्ट ने इस खतरे पर किया अलर्ट!

ऑनलाइन बैंकिंग के दौर में एक छोटी सी चूक खाता खाली कर सकती है. इसी खतरे को देखते हुए आरबीआई ने 23 नवंबर 2026 को ‘स्टॉप स्विच’ का प्रस्तावित ड्राफ्ट जारी किया है. इसे डिजिटल लेनदेन के लिए इमरजेंसी ब्रेक की तरह देखा जा रहा है. हालांकि, साइबर एक्सपर्ट एडवोकेट डॉ. प्रशांत माली का मानना है कि ये फीचर काम का तो है, लेकिन इसके साथ कुछ बड़ी चुनौतियां भी जुड़ी हैं. उन्होंने साफ किया कि ये अभी सिर्फ ड्राफ्ट है, इसे लागू नियम न समझा जाए.

​RBI Stop Switch: ठगी का शक होते ही रोक सकेंगे लेनदेन, लेकिन एक्सपर्ट ने इस खतरे पर किया अलर्ट!

कैसे काम करेगा आरबीआई का स्टॉप स्विच

डॉ. प्रशांत माली के मुताबिक, स्टॉप स्विच एक इमरजेंसी सुरक्षा व्यवस्था है. फ्रॉड का शक होते ही ग्राहक बैंक से कहकर अपने खाते के डिजिटल लेनदेन कुछ समय के लिए रोक सकता है. इसका मकसद ठगों के पैसे निकालने से पहले ही खाते पर ताला लगाना है.

लेकिन ये स्विच सिर्फ आगे होने वाले ट्रांजैक्शन को रोकेगा. जो पैसा पहले ही कट चुका या सेटल हो चुका है, उसे ये अपने आप वापस नहीं कर सकता. ऐसे में ठगी होने पर फौरन बैंक को सूचना देना और 1930 पर कॉल करना बेहद जरूरी है.

कौन से पेमेंट रुकेंगे, किन पर नहीं होगा असर

ड्राफ्ट के मुताबिक, ये स्विच ग्राहक की तरफ से होने वाले नए डिजिटल पेमेंट और नए पेमेंट मैंडेट को रोकेगा. इसमें UPI, IMPS, NEFT, RTGS, कार्ड और इंटरनेट बैंकिंग जैसे माध्यम शामिल हैं.

हालांकि, कुछ जरूरी भुगतान इसके दायरे से बाहर रह सकते हैं. इनमें बैंक की तरफ से होने वाली कुछ कटौतियां और पहले से सेट ऑटोपेमेंट आते हैं. यानी बिजली का बिल, इनकम टैक्स या इंश्योरेंस जैसी पहले से तय किस्तें इस स्विच से नहीं रुकेंगी.

मोबाइल हैक होने पर कहां फंस सकता है पेंच

डॉ. माली ने चेतावनी दी कि इसे हर स्थिति में एक क्लिक वाली पक्की गारंटी न मानें. अगर ग्राहक का फोन ही हैक हो गया, तो हैकर के हाथ में मोबाइल और बैंकिंग ऐप दोनों का कंट्रोल होगा. ऐसे में वो ग्राहक बनकर खुद ही स्टॉप स्विच बंद कर सकता है.

इसलिए बैंकों को इसे चालू करने के लिए अलग और सुरक्षित चैनल देना होगा. अगर इसे बंद करने या दोबारा चालू करने की प्रक्रिया भी हैक हुए फोन पर टिकी रही, तो खतरा कम नहीं होगा. ड्राफ्ट में खाता फिर से चालू करने के लिए सख्त ऑथेंटिकेशन और जरूरत पड़ने पर कूलिंग पीरियड का प्रावधान है. बैंकों को ये पक्का करना होगा कि हैकर ग्राहक बनकर सुरक्षा न तोड़ सके.

कब से मिलेगी सुविधा, बैंकों से क्या है अपील

एक्सपर्ट मानते हैं कि अकेला स्टॉप स्विच साइबर फ्रॉड खत्म नहीं कर सकता. बचाव के लिए मजबूत पासवर्ड, मल्टीफैक्टर ऑथेंटिकेशन, ट्रांजैक्शन अलर्ट और सतर्कता भी उतनी ही जरूरी है.

प्रस्तावित कमर्शियल बैंक निर्देशों में इसे 1 जुलाई 2027 से लागू करने की बात है, हालांकि बैंक इससे पहले भी इसे शुरू कर सकते हैं. डॉ. माली ने बताया कि आईसीआईसीआई बैंक के iMobile ऐप में अलगअलग सर्विसेज बंद करने की सुविधा पहले से है. उन्होंने दूसरे बैंकों से अपील की है कि वे जुलाई तक इंतजार न करें और खुद आगे बढ़कर ग्राहकों को ये सुविधा दें.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply